स्वराज इंडिया को मिला नया चुनाव चिन्ह, योगेंद्र बोले- सीटी के साथ करेंगे निगम की पहरेदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली नगर निगम चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ रही नवगठित स्वराज इंडिया पार्टी के अधिकांश उम्मीदवारों को सीटी चुनाव चिन्ह मिला है। शनिवार को नामांकन वापस लेने के साथ राज्य चुनाव आयोग की ओर से उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया।
पार्टी इसे अपनी पहली जीत बता रही है। कारण स्वराज इंडिया पार्टी शुरू से एक चुनाव चिन्ह की मांग कर रही थी, मगर उसकी मांग को खारिज कर दिया गया था। पार्टी ने इसके लिए केजरीवाल सरकार को जिम्मेदार बताया था।
पार्टी के मुताबिक एक रणनीति के तहत काम करने के लिए चलते उन्हें सफलता मिली और अधिकांश सीटों पर उनके उम्मीदवारों को सीटी चुनाव चिन्ह मिला है। पार्टी ने अपने सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह के लिए सीटी, खिड़की और ट्रैक्टर चलाता किसान को इसी क्रम में मांगने का निर्देश दिया था। पार्टी की यह रणनीति काम आई पार्टी के करीब नब्बे फीसदी उम्मीदवारों को सीटी चुनाव चिन्ह मिल गया।
योगेंद्र बोले- केजरीवाल की सभी साजिश नाकाम
स्वराज इंडिया पार्टी के योगेंद्र यादव ने कहा कि केजरीवाल सरकार की सभी साजिश नाकाम हुई। हमारे ज्यादातर उम्मीदवारों को सीटी चुनाव चिन्ह मिल गया है। इसी सीटी के साथ हम निगम की पहरेदारी करेंगे।
दिल्ली की जनता को अच्छा करके दिखाएंगे। यह जीत के साथ शुरूआत जैसी स्थिति है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुपम ने कहा कि पंजीकृत राजनीतिक पार्टी होने के बावजूद स्वराज इंडिया को समान चुनाव चिन्ह नहीं दिया गया था।
हम सब ने देखा कि किस तरह आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार ने चुनाव आयोग के नियमों में प्रस्तावित संशोधनों पर रोक लगाकर स्वराज इंडिया के खिलाफ साजिश की। यही नहीं पार्टी के 24 उम्मीदवारों के नामांकन भी गैरकानूनी ढंग से रद किए गए। मगर अब एक चुनाव चिन्ह मिलने से कार्यकर्ताओं में जोश है।