होटल लीला पहुंची दिल्ली पुलिस, सुनंदा पुष्कर मौत मामले में की छानबीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर मौत मामले की जांच के लिए गठित दिल्ली पुलिस की एसआईटी ने शुक्रवार सुबह पांच सितारा लीला होटल के कमरे की जांच की।
इसी कमरे में सुनंदा पुष्कर संदिग्ध हालत में मृत पाई गई थी। होटल का कमरा नंबर 345 वर्ष जनवरी, 2014 से सील है। टीम ने कुछ सैंपल एकत्रित किए। एसआईटी के एक सदस्य ने टीम के लीला होटल में जाने की पुष्टि की है।
एसआईटी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टीम के कुछ सदस्य शुक्रवार सुबह लीला होटल के कमरा नंबर 345 में गए थे। हालांकि दक्षिण जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-दो मनीष चंद्रा ने इतना ही कहा कि ये जांच का विषय है और जांच के सिलसिले में टीम लीला होटल गई थी।
लीला होटल के कमरे में डेढ़ घंटे तक की छानबीन
इसके अलावा उन्होंने कुछ भी बताने से मना कर दिया। गौरतलब है कि होटल प्रबंधन ने दिल्ली की कोर्ट में याचिका दायर की हुई है। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से पूछा था कि होटल लीला के उस कमरे को कब खोला जाएगा, जिसमें सुनंदा पुष्कर मृत मिली थीं। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की धीमी तफ्तीश पर भी नाराजगी जाहिर की थी।
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में कहा था कि वह एक सितंबर को विशेषज्ञों की टीम के साथ होटल के कमरे का निरीक्षण करेगी। एसआईटी के सदस्य ने बताया कि उनके साथ सीबीआई की फोरेंसिक टीम व पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों की टीम थी।
यहां पहुंची टीम ने होटल के पूरे कमरे की फिर से जांच की और कुछ जगहों से कुछ नमूने उठाए। इस दौरान टीम कमरे में करीब एक से डेढ़ घंटे रही। एसआईटी के सदस्य से जब ये पूछा गया कि कमरे को कब खोला जाएगा तो यही कहा कि कमरे को जल्द ही खोला दिया जाएगा।
शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर (52) 17 जनवरी, 2014 को दक्षिण दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में संदिग्ध हालत में मृत मिली थी। उस समय शशि थरूर केंद्रीय मंत्री थे।