फेसबुक पर लाइव वीडियो बनाकर मेट्रो के शिफ्ट इंजीनियर ने लगा ली फांसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शाहदरा जिले के फर्श बाजार इलाके में मेट्रो के शिफ्ट इंजीनियर ने फेसबुक पर लाइव वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जैसे ही उसके दोस्तों ने फेसबुक पर मौत का वीडियो देखा तो वह उसके फ्लैट की ओर भागे। युवक का दरवाजा अंदर से बंद था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक का शव कब्जे में लिया। मृतक की शिनाख्त शुभांकर चक्रवर्ती (27) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के पास से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नही हुआ है। शव के पास लाइव वीडियो बनाने के लिए खिड़की पर शुभांकर का मोबाइल फोन रखा मिला है।
फर्श बाजार थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सब्जी मंडी मोर्चरी में सुरक्षित रखवाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस दोस्तों व परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से 24-परगना, पश्चिम बंगाल का रहने वाला शुभांकर पिछले करीब दो माह से संजय अरोड़ा नामक शख्स के 174, दूसरी मंजिल, तेलीवाड़ा, शाहदरा के मकान में किराए पर रहता था। शुभांकर दिल्ली मेट्रो में मैनटेनर (शिफ्ट इंजीनियर) की नौकरी करता था। पुलिस को रविवार सुबह करीब 9.05 बजे शुभांकर के आत्महत्या करने की सूचना मिली।
खबर मिलते ही फर्श बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर शुभांकर का दोस्त सूर्याकांत दास और राजेंद्र ओझा के अलावा मकान मालिक संजय अरोड़ा मिला। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो कमरे में शुभांकर पंखे के हुक से लटका मिला। शुभांकर कूलर पर चढ़ा और उसने प्लास्टिक की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को कमरे से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नही हुआ।
वहीं कमरे में ही खिड़की पर शुभांकर का मोबाइल रखा मिल गया। यहीं पर मोबाइल रखकर शुभांकर ने फेसबुक लाइव कर आत्महत्या की। शुभांकर ने आत्महत्या का कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका खुलासा नही हो पाया है।
पुलिस ने पश्चिम बंगाम में रहने वाले शुभांकर के पिता व अन्य परिजनों को सूचना दे दी है। उनके दिल्ली आने पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस दोस्तों, आफिस में साथ काम करने वाले लड़कों व परिजनों से पूछताछ कर उसकी आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
रात के समय लगाई शुभांकर ने फांसी...
शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि मृतक शुभांकर ने फांसी लगाई। उसने बाकायदा पहले देखा कि उसका पूरा वीडियो बन रहा है या नही, इसके बाद वह बड़े आराम से कूलर पर चढ़ता है, बाद में वह अपने गले में रस्सी डालकर फंदे पर लटक जाता है। वीडियो में उसे तड़पते हुए देखा जा सकता है।
सुबह आठ बजे शुभांकर के दोस्त आकाश ने वीडियो देखा तो फौरन सूर्याकांत को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूर्या ने अपने दूसरे दोस्त राजेंद्र को खबर दी। बाद में दोनों उसके फ्लैट पर पहुंच गए। वहां खिड़की से झांककर देखने पर शुभांकर को फंदे पर लटका पाया गया।
परिवार में इकलौता बेटा था शुभांकर...
पुलिस के मुताबिक कुछ माह पूर्व ही शुभांकर दिल्ली आया था। करीब तीन माह पूर्व उसने दिल्ली मेट्रो में मैनटेनर (शिफ्ट इंजीनियर) की नौकरी शुरू की थी। शुभांकर के परिवार में पिता चंचल चक्रवर्ती, एक शादीशुदा बहन नोबानिता चक्रवर्ती व अन्य सदस्य हैं।
शुभांकर परिवार में इकलौता बेटा था। करीब 16 साल पहले इसकी मां की मौत हो गई थी। शुभांकर ने आत्महत्या का कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका पता नही चल पाया है। पुलिस ने उसका मोबाइल भी जांच के लिए भेज दिया है।