निर्माणाधीन बिल्डिंग में भरे पानी में डूबे दो किशोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनजीटी के आदेश की अनदेखी ने दो मासूमों की जान ले ली। नोएडा थाना सेक्टर 39 क्षेत्र में बिल्डर साइट पर भरे पानी में नहाने गए दो किशोर डूब गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सदरपुर निवासी 14 वर्षीय रवि और प्रशांत की सेक्टर 94 स्थित एक बिल्डर साइट पर पानी में डूबने से मौत हो गई। रवि की मां सुंदरावती ने बताया कि प्रशांत और रवि दोनों दोस्त थे।
दोनों सदरपुर स्थित सर्वोदय विद्यालय में कक्षा आठवीं में पढ़ते थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे प्रशांत घर आया था। आधे घंटे में लौटकर आने की बात कहकर रवि और प्रशांत घर से निकल गए।
शाम तक वे नहीं लौटे तो लगा कि बच्चे दोस्तों के घर पढ़ने के लिए गए होंगे। रात होने पर चिंता सताने लगी। काफी ढूंढने के बाद भी बच्चे नहीं मिले तो पुलिस में शिकायत दी।
आधे घंटे में आने की बात कहकर घर से निकले थे दोनों
सोमवार सुबह बच्चे को फिर ढूंढने निकले तो महामाया फ्लाईओवर के पास एक चाय वाले ने बताया कि कुछ बच्चे बिल्डर साइट पर भरे पानी में नहाने जाते हैं। वहां एक बच्चे का शव मिला है।
साइट पर पहुंचने पर पानी के पास रवि के कपड़े मिले। मौके पर पुलिस मौजूद थी। प्रशांत के परिजन उसके शव को ले जा चुके थे। थोड़ी देर में रवि का शव भी पानी में ही मिला। प्रशांत के पिता श्यामसुंदर मूलरूप से गांव बसी, खेकड़ा बागपत रहने वाले हैं। जबकि रवि का परिवार मूलरूप से बिहार का रहने वाला है। दोनों परिवार मजदूरी करते हैं।
बता दें कि एनजीटी ने आदेश दिया था कि निर्माणाधीन इमारतों में बेसमेंट खुदाई के दौरान निकलने वाले पानी को बहाया न जाए। पानी को जल संचयन की प्रक्रिया के जरिये वापस भूमि के भीतर पहुंचाया जाए। लेकिन इस आदेश का खुले आम उल्लंघन हो रहा है।
विभागों को लिखा जाएगा पत्र
सीओ सिटी प्रथम शिवराम यादव ने बताया कि बिल्डर साइट पर पानी भरे होने का मामला जांच का विषय है। बिल्डर साइट पर नियमों की अनदेखी और सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्राधिकरण समेत संबंधित विभागों को पत्र लिखा जाएगा।