3700 करोड़ की ऑनलाइन ठगीः इस मेल आईडी पर शिकायत कर पाएं अपने पैसे वापस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा में चल रही फर्जी कंपनी के जरिये 7 लाख लोगों से 3700 करोड़ ठगने के मामले में जिनका पैसा फंसा है वह एसटीएफ से सीधे शिकायत कर सकते हैं। एसएटीएफ के एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि धोखाधड़ी का शिकार हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों का पैसा वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
एसटीएफ ने एबलेज कंपनी के पीड़ितों की शिकायत प्राप्त करने के लिए reportfraud@upstf.com ईमेल आईडी बनाई है। पीड़ित कंपनी में निवेश संबंधी दस्तावेज के साथ इस ईमेल पर एसटीएफ से शिकायत कर सकते हैं। इसके अलावा लोग स्थानीय थाने में भी एफआईआर दर्ज करा सकते हैं।
एसटीएफ खुद भी निवेशकों को बल्क मैसेज भेजकर इस धोखाधड़ी के बारे में जानकारी देगी। साथ ही, उन्हें शिकायतों और आगे की कार्रवाई के संबंध में जानकारी भी दी जाएगी। जल्द ही एसटीएफ बल्क मेसेज भेजना शुरू कर देगी। एसएसपी अमित पाठक के अनुसार ये पहला ऐसा मामला है जिसे भागने से पहले पकड़ लिया गया है।
कंपनी के पास अभी भी काफी रकम मौजूदा होने का अनुमान है। बैंक खातों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कंपनी प्रबंधन द्वारा निवेशकों को भ्रमित किया जा रहा है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर कंपनी के समर्थक पुलिस के खिलाफ और आरोपियों के पक्ष में अभियान चला रहे हैं।
सोमवार को रिमांड मांगेगी एसटीएफ
एसटीएफ के एसपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेने के लिए सोमवार को कोर्ट में याचिका दाखिल की जाएगी। तब तक आरोपियों के खिलाफ फॉरेंसिक साइंस लैब के विशेषज्ञों की मदद से पुख्ता साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
साथ ही, आरोपियों को रिमांड पर लेने के लिए आधार भी तैयार किया जा रहा है। रिमांड पर लेने के बाद धोखाधड़ी में कुछ और खुलासे हो सकते हैं। एबलेज के खिलाफ कार्रवाई करने के बाद हमें सोशल मीडिया और फोन कॉल से इस तरह की कई कंपनियों की शिकायत मिल रही है।
कुछ लोगों ने एसटीएफ कार्यालय आकर भी अन्य कंपनियों के खिलाफ शिकायत की है। जल्द ही अन्य कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की होगी। एसटीएफ के एसपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि उन लोगों को नाइजीरिया से भी फोन कॉल के जरिये शिकायत मिली है। वहां भी कंपनी ने कुछ लोगों को ठगा है। उनसे ईमेल के जरिये शिकायत देने को कहा गया है।