पत्नी को बुलाने के लिए उठाया खौफनाक कदम
दनकौर में बिलासपुर कस्बे के एक युवक ने नाराज पत्नी को मायके से बुलाने के लिए शनिवार को ट्रेन से कटकर अपनी मौत की अफवाह फैला दी।
जब परिजन और ससुराल पक्ष के लोग दनकौर रेलवे स्टेशन पहुंचे तो जीआरपी ने ऐसी किसी घटना होने से इनकार किया। बाद में युवक अपने दोस्त के घर पर आराम फरमाता मिला। नाराज परिजनों ने उसकी जमकर धुनाई कर डाली।
जानकारी के मुताबिक करीब एक माह पहले युवक का पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया था। इसके बाद नाराज महिला साहिबाबाद स्थित मायके चली गई। इस दौरान पति ने उसे वापस बुलाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन महिला नहीं मानी।
दोस्त के घर मिला युवक, परिजनों ने की धुनाई
पत्नी ने यहां तक कह दिया कि अब वह उसके पास नहीं आएगी। उसने पति का कॉल रिसीव करना भी बंद कर दिया। बताया गया है कि इससे तंग युवक ने शनिवार को फोन के जरिये ट्रेन से कटकर अपनी मौत की सूचना परिजनों और ससुराल पक्ष को भिजवा दी।
सूचना मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिवार और ससुराल से लोग जब रेलवे स्टेशन पहुंचे तो पता चला कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई। परिजनों ने जब उस नंबर पर कॉल किया, जिससे मौत की सूचना दी गई थी, तो वह बंद मिला।
इधर घटना की सूचना के बाद जब युवक का एक दोस्त मौके पर नहीं पहुंचा तो युवक के परिजनों को संदेह हुआ। जब वे उसके घर पहुंचे तो युवक वहां आराम फरमा रहा था। इससे नाराज परिजनों ने उसकी पिटाई की और उसे घर ले गए।