शराब न पीने की हिदायत पर बेटे ने की खुदकुशी
नोएडा में पिता ने अपने बेटे को शराब नहीं पीने की हिदायत दी तो उसने कमरे में फांसी लगा कर जान दे दी। सूचना पर पहुंची सेक्टर-58 की पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक का शव बाहर निकाला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से बांदा के अतर्रा निवासी अशोक कुमार ममूरा में परिवार सहित रहते हैं। वह सेक्टर-59 की एक कंपनी में नौकरी करता है।
वहीं, उसकी पत्नी सेक्टर-65 की कंपनी में कार्य करती है। उनके पांच बच्चों में से अमित कुमार (21) सबसे बड़ा था। वह भी मां के साथ कंपनी में हेल्पर के रूप में काम करता था। पिछले महीने ही उसकी नौकरी छूट गई थी।
गलत संगत में आकर ये क्या किया?
परिजनों ने बताया कि इन दिनों वह काफी परेशान रहता था और गलत संगत में पड़कर अक्सर शराब पीकर घर आने लगा था।
पीड़ित पिता ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसने अमित को शराब पीने से मना किया था। इसपर उसने कहा कि वह आज के बाद शराब नहीं पीएगा।
सोमवार शाम अमित घर में अकेला था। थोड़ी देर बाद परिजन जब घर पहुंचे तो घर का दरवाजा बंद था। खिड़की से देखा तो उसका शव फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।