एसएन सहाय फिर बने दिल्ली सरकार के प्रधान वित्त सचिव, दो IAS का तबादला
दिल्ली सरकार ने 1986 बैच के आईएएस अधिकारी एसएन सहाय को फिर से दिल्ली का प्रधान वित्त सचिव बनाया है। सहाय के पास प्रधान गृह सचिव की जिम्मेदारी भी कायम रहेगी।
इससे पूर्व 30 जून को गृह मंत्रालय ने उन्हें तत्काल प्रभाव से रिलीव कर दिया था। लेकिन बाद में उन्हें दिल्ली में रुकने की अनुमति दे दी। सेवा विभाग की उप सचिव अनुपमा चक्रवर्ती की ओर से जारी आदेश के अनुसार, एसएन सहाय अब दिल्ली के प्रधान वित्त सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
हाल ही में प्रधान वित्त सचिव बनाए गए 1988 बैच के आईएएस धर्मेंद्र शर्मा को दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है।
डी वर्मा मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव नियुक्त
इसके अलावा आठ दानिक्स (दिल्ली अंडमान निकोबार आईलैंड सिविल सर्विसेज) अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। इसी तरह आबकारी विभाग में उपायुक्त पद पर तैनात दानिक्स अधिकारी डी वर्मा को मुख्यमंत्री का अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
डी वर्मा आप सरकार के 49 दिन के कार्यकाल में महिला एवं बाल विकास मंत्री राखी बिडलान के सचिव थे। दिल्ली सरकार के अलग-अलग विभागों में तैनात दानिक्स अधिकारी के. महेश, देवेश सिंह, संजीव कुमार व मनोज कुमार द्विवेदी को उत्तर व दक्षिण एमसीडी में उपायुक्त के पद पर ट्रांसफर किया गया है।
को-ऑपरेटिव सोसायटी में स्पेशल रजिस्ट्रार संजय कुमार झा को राजस्व विभाग में उपायुक्त (मुख्यालय) के पद पर भेजा गया है। शिक्षा विभाग में विशेष निदेशक कमल देव देवड़ा को उद्योग विभाग का विशेष आयुक्त, आबकारी विभाग में सहायक आयुक्त अनूप ठाकुर को पंचायत निदेशक बनाया गया है।