एक घंटे की बारिश से गुरुग्राम हुआ पानी-पानी, घरों में घुसा पानी, बिजली हुई गुल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुग्राम में हुई एक घंटे की बारिश ने हर क्षेत्र को पानी-पानी कर दिया है। सेक्टर-कॉलोनी की सड़कें ही नहीं बल्कि ज्यादातर क्षेत्रों के घरों में भी पानी भर गया है। आलम यह है कि सड़कों पर भरे पानी में लोग गाड़ियों को धक्का मारकर साइड लगा रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी पैदल जाने वाले लोगों को हो रही है। वहीं, बारिश के कारण आधे से ज्यादा शहर की बिजली गुल होने से अंधेरा छा गया। इसने लोगों की मुश्किलों को बढ़ा दिया।
शनिवार शाम को शुरू हुई बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत देने के साथ ही उनकी मुसीबत को बढ़ा दिया। एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से ज्यादातर क्षेत्रों में पानी भर गया। हालांकि जिला प्रशासन की बाढ़ नियंत्रण टीम तुरंत ही सक्रिय हो गई और जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। अधिकारियों ने पूरा ध्यान नरसिंहपुर, गोल्फ कोर्स रोड समेत अन्य अंडरपास पर लगा दिया। यहां टीमें हर वक्त नजर बनाए हुए है। वहीं जलभराव के मद्देनजर पुलिस ने भी रूट डायवर्ट करना शुरू कर दिया।
#WATCH Haryana: Severe waterlogging in the areas around Civil Hospital in Sector 10 of Gurugram, following heavy rainfall. pic.twitter.com/BELUYXcEr7
— ANI (@ANI) September 5, 2020
घरों में घुसा पानी
शहर के बसई रोड, सेक्टर-31, 10,7, 9, 37, 4, सुशांत लोक, नरसिंहपुर, डीएलएफ, समेत अन्य स्थानों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। सुशांत लोक, बसई, सूर्य विहार, उद्योग विहार समेत कई अन्य स्थानों पर बारिश का पानी घर में प्रवेश कर गया। लोग पानी को घर के अंदर आने से रोकने का प्रयास करते रहे। वहीं, कई सोसाइटी ऐसी भी थी जिनके बेसमेंट में पानी भर गया। अधिकारियों के मुताबिक, धनवापुर रोड, सूर्य विहार, बसई चौक से पुल की तरफ जाने वाले रास्ते पर करीब तीन फीट तक पानी भरा रहा।
बिजली हुई गुल
बरसात शुरू होते ही शहर के ज्यादातर क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। शहर के पटेल नगर, जैकबपुरा, भीम नगर, कृष्णा कॉलोनी, सिविल लाइन, मदन पुरी, राजेंद्रा पार्क समेत कई सोसाइटी व सेक्टरों की बिजली गुल होने से अंधेरा छा गया। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि लाइन की जांच के बाद ही आपूर्ति सुचारू की जाएगी।
धक्का मारते दिखे वाहन चालक
बरसात के कारण सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। पानी से निकलने का प्रयास कर रहे कई लोगों के वाहन बीच में ही बंद हो गए। बीच रास्ते में बंद हुए वाहनों को साइड करने के लिए लोग धक्का लगाते दिखाई दिए। वहीं, ज्यादातर बाइक सवार इस जलभराव से परेशान दिखाई दिए।