दिल्ली में दरिंदगी: गार्ड ने महिला को बंधक बनाकर लूटी अस्मत, अर्द्धनग्न मिली पीड़िता; नाक-मुंह से आ रहा था खून
तबीयत में सुधार होने के बाद पीड़िता ने बताया कि 14 नवंबर की शाम को काम से वापस लौटते समय आरोपी ने उसे जबरन सूनसान जगह खींच लिया। बाद में जबरन उसे बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर उसे पीट-पीटकर आरोपी ने अधमरा कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में एक महिला के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने 50 साल की महिला को बंधक बनाकर जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता पर लात-घूंसों से जानलेवा हमला कर दिया। बाद में अर्द्धनग्न और अचेत अवस्था में आरोपी पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया।
अगले दिन लोगों ने महिला को मरा समझकर पुलिस को कॉल की। पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया तो उसके जिंदा होने का पता चला। चार दिन बाद हालत में सुधार होने के बाद पीड़िता ने घटना की जानकारी दी। छानबीन के बाद पुलिस ने दुष्कर्म और हमला करने की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी याकूब (58) को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता अपने परिवार के साथ जौहरीपुर, करावल नगर में रहती है। इसके परिवार में पांच बच्चे हैं। पीड़िता पिछले कई सालों से ज्योति नगर इलाके के घरों में खाना बनाने का काम करती है। 14 नवंबर की सुबह वह घर से काम पर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। अगले दिन ज्योति नगर इलाके में स्थानीय लोगों ने पीड़िता को सड़क पर अर्द्धनग्न हालत में अचेत देखा।
उसके मुंह और नाक से खून बह रहा था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पीड़िता को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज हुआ। शुक्रवार को तबीयत में सुधार होने के बाद पीड़िता ने बताया कि 14 नवंबर की शाम को काम से वापस लौटते समय आरोपी ने उसे जबरन सूनसान जगह खींच लिया।
बाद में जबरन उसे बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर उसे पीट-पीटकर आरोपी ने अधमरा कर दिया। पुलिस को पीड़िता ने बताया कि चूंकि आरोपी एरिया का सुरक्षा गार्ड है, इसलिए वह उसे जानती थी। पीड़िता का बयान लेकर शनिवार को पुलिस ने आरोपी याकूब को दबोच लिया।