दिल्ली सरकार के खिलाफ शुरू होगी शराब नहीं, स्वराज चाहिए.. मुहिम
स्वराज अभियान का दावा है कि 72 घंटे बीत जाने के बाद भी दिल्ली सरकार का नई शराब की दुकानें खुलवाने के बारे में कोई जवाब नहीं आया है। लिहाजा अभियान ने मान लिया है कि सत्ता में आने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने दिल्ली में 399 शराब की दुकानों को लाइसेंस दिया है।
योगेंद्र यादव की चेतावनी है कि दिल्ली सरकार ने अगर स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद खुली शराब की दुकानों को 11 सितंबर तक बंद नहीं किया तो अभियान दिल्ली में शराब नहीं, स्वराज चाहिए नाम से जन आंदोलन शुरू करेगा।
दरअसल, मंगलवार को स्वराज अभियान की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य योगेंद्र यादव ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक पत्र लिखा था।
'दिल्ली की जनता को गुमराह कर रही आप सरकार'
इसमें आरटीआई से मिली जानकारी के आधार पर यादव ने दावा किया था कि पिछले डेढ़ साल में दिल्ली में 399 शराब की दुकानें खुलीं। साथ ही चुनौती भी दी कि 72 घंटे के अंदर सरकार इस आंकड़े को गलत साबित करके दिखाए।
योगेंद्र यादव का कहना है कि दिल्ली की जनता को गुमराह कर रही आप सरकार ने इस मसले पर चुप्पी साध रखी है। इससे साबित होता है कि उनकी तरफ से शराब की दुकानों से जुड़े आंकड़े सही हैं।
जारी रहेगी जनसुनवाई
इस बीच अभियान दिल्ली के विभिन्न भागों में जन सुनवाई जारी रखेगा। इससे लोगों से शराब की दुकानों से होने वाली परेशानी पर चर्चा होगी। अगली जन सुनवाई रविवार 4 सितंबर को शाम 4 बजे दिल्ली के बुराड़ी विधानसभा में होगी। इसमें योगेंद्र यादव भी शामिल होंगे।