झज्जर: पंजाब नेशनल बैंक में दिनदहाड़े घुसे पांच नकाबपोश, सात लाख रुपये लूटकर फरार
नेशनल हाईवे -71 स्थित माछरौली गांव के पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में दिनदहाड़े पांच नकाबपोश बदमाशों ने हवाई फायर कर कैश काउंटर से सात लाख 11 हजार 331 रुपये लूट लिए। इससे पहले बदमाशों ने बैंक के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी की आंख पर मुक्का मारकर उसकी डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक छीन ली और बैंक में घुस गए।
दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने हवाई फायर किया और नकदी लूटकर दो बाइकों से फरार हो गए। सूचना मिलने पर एसपी हिमांशु गर्ग, दो डीएसपी, सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार माछरौली गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक में सुबह करीब 11 बजे सामान्य दिनों की तरह काम चल रहा था। गार्ड सतेंद्र कुमार बैंक के मुख्य द्वार पर तैनात था। इसी दौरान एक बाइक पर तीन नकाबपोश आए और बैंक के बाहर हवाई फायर कर दिया।
इसके बाद सुरक्षाकर्मी की आंख पर मुक्का मारकर उसकी बंदूक छीन ली। इसके बाद दो नकाबपोश और पहुंच गए। सभी बैंक के अंदर घुस गए और कैश काउंटर पर मौजूद महिला कैशियर से करीब सात लाख 11 हजार 331 रुपये लूटकर फरार हो गए। वारदात के समय बैंक में करीब 20 उपभोक्ता मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद पांचों बदमाश खुडन गांव की तरफ भाग निकले। सूचना मिलने पर सीआईए की टीम बदमाशों के पीछे लगी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस बैंक और आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं।
डीएसपी स्तर के अधिकारी हर पहलु को ध्यान में रखते हुए जांच कर रहे हैं। वारदात की सूचना पर एसपी झज्जर हिमांशु गर्ग मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर बैंक और पुलिस अधिकारियों से वारदात की विस्तृत जानकारी ली गई। घटनास्थल पर एसपी ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डकैती सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस थाना प्रबंधक रामकरण का कहना है कि पुलिस ने बैंक प्रबंधक के बयान पर भादंस की धारा 395, 395, 25, 54 और 59 आर्मस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से डंप उठवाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जिले में निश्चित रूप से बड़ी वारदात है। दो बाइक सवार पांच नकाबपोशों ने फायरिंग कर बैंक के कैशियर से 7 लाख से अधिक रुपये लूटे हैं। इस मामले में दो डीएसपी मामले की मॉनीटरिंग के लिए लगा दिए गए हैं। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- हिमांशु गर्ग, पुलिस अधीक्षक, झज्जर।