{"_id":"d9748e790fee228bbf114e68f8a60193","slug":"road-raze-incident-in-delhi-booked-for-attempt-to-murder","type":"story","status":"publish","title_hn":"रोडरेजः कार का शीशा तोड़ बच्ची को किया घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रोडरेजः कार का शीशा तोड़ बच्ची को किया घायल
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Mon, 19 May 2014 01:13 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में छोटी-छोटी बातों पर लोग आपा खोते जा रहे हैं। ताजा मामला उत्तर-पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार इलाके में देखने को मिला। रोडरेज की घटना में बाइक सवार युवक ने कार सवार दंपति पर हमला कर दिया।
विज्ञापन
आरोपी ने घूंसा मारकर कार की खिड़की का शीशा तोड़ दिया, जिससे महिला की गोद में बैठी उनकी 13 माह की बेटी के चेहरे में शीशे के टुकड़े घुस गए। इसके बाद भी आरोपी ने कार चालक को भी पीटा। यह देखकर भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया।
विज्ञापन
बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। कार सवार का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने हॉर्न बजाकर बाइक सवार को सड़क से हटने के लिए कहा था। भजनपुरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, मासूम को गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, अनुराज जोशी (30) परिवार के साथ सी-12/524, यमुना विहार में रहते हैं। वह रेलवे में नौकरी करते हैं। बृहस्पतिवार रात को वह पत्नी और 13 माह की बेटी के साथ स्विफ्ट कार से निकले। उनकी पत्नी बेटी को लेकर ड्राइवर सीट के साथ वाली सीट पर बैठ गईं। सी-12 चौक पर बीच सड़क पर बाइक सवार युवक अन्य युवकों से बात कर रहा था।
अनुराज ने कार का हॉर्न बजाकर युवक को हटने का इशारा किया तो आरोपी ने हाथ का इशारा कर रुकने के लिए कहा। अनुराज के दोबारा हॉर्न बजाते ही आरोपी ने गालियां देना शुरू कर दिया और कार पर लात मारने लगा। इस बीच आरोपी अनुराज की पत्नी की ओर बढ़ा और उसने खिड़की पर घूंसा मारकर शीशा तोड़ दिया।
शीशे के टुकड़े बच्ची के चेहरे में घुस गए। हमले में पीड़ित की पत्नी भी घायल हो गई। इसके बाद आरोपी अनुराज को कार से उतारकर पीटने लगा। इस बीच मदद के लिए आई भीड़ ने युवक को दबोच लिया। आरोपी की पहचान सी-6, यमुना विहार निवासी आदित्य के रूप में हुई। पुलिस ने आदित्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।