{"_id":"5e040b6bde16b1f1e1b1c8ac8ca46112","slug":"rithik-roshan-movie-shooting-erupts-road-jam-in-delhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"रितिक की फिल्म ने दिल्ली में लगाया जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रितिक की फिल्म ने दिल्ली में लगाया जाम
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Thu, 27 Feb 2014 10:51 AM IST
विज्ञापन
इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास रिंग रोड बाईपास फ्लाईओवर पर फिल्म की शूटिंग ने रोजाना यहां से फर्राटा भरते वाहन चालकों की रफ्तार थाम दी। बुधवार सुबह से शुरू हुआ यह सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। वाहन चालक रुक-रुककर मंजिल की ओर बढ़े।
विज्ञापन
कुछ दिनों से रितिक रोशन की एक फिल्म की शूटिंग दिल्ली में चल रही है। पहले शूटिंग रात में रिंग रोड पर लालकिले में चल रही थी। इससे किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई, लेकिन बुधवार को शूटिंग का दौर रिंग रोड बाईपास फ्लाईओवर के ऊपर चला। नतीजतन आईटीओ से आईएसबीटी की ओर जाने वाले कैरिज वे पर ट्रैफिक की एंट्री बंद कर दी गई।
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस के जवान और बाउंसर्स ने फ्लाईओवर के शुरू में बेरीकेड लगा दिए। आईटीओ, आश्रम, सराय काले खां की ओर से आईएसबीटी की तरफ जाने वाला सारा ट्रैफिक राजघाट रिंग रोड पर आ गया जिससे जाम की स्थिति बन गई। हल्के वाहनों कार, तिपहिया के अलावा ट्रकों की आवाजाही भी हो रही थी। वहीं, पीक आवर्स में हैवी ट्रैफिक होने से वाहनों की कतार लग गई जिससे चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
दूसरे कैरिज वे पर भी दिक्कत
फ्लाईओवर के दूसरी तरफ के कैरिज वे आईएसबीटी से आईटीओ पर ट्रैफिक खुला था, लेकिन शूटिंग देखने के लिए वाहन चालक रुकने लगे जिससे यहां भी ट्रैफिक रुक-रुककर आगे बढ़ रहा था। शूटिंग की सुरक्षा में लगे निजी सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाला और लोगों को वाहन आगे लेकर जाने को कहा।
रास्ता भी भटके लोग
ट्रैफिक डायवर्जन से कई वाहन चालक रास्ता भी भटक गए। रिंग रोड बाईपास फ्लाईओवर का यह कैरिज वे सिर्फ आईएसबीटी ही नहीं, बल्कि गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से भी लिंक करता है जिसे गांधी नगर यमुनापार जाने वाले भी प्रयोग करते हैं। बिना लाल बत्ती के वह सफर पूरा करते हैं। रोज इधर से जाने वालों को पहले तो रास्ता बदलने से मुश्किल हुई, फिर दो ट्रैफिक सिग्नलों पर वाहनों की लंबी कतार से जूझना पड़ा। इससे जो सफर 15 मिनट में पूरा हो सकता था। उसके लिए 30 मिनट का समय लगा।
इस जाम में फंसे संतोष कुमार ने बताया कि रिंग रोड बाईपास की तरफ से जा रहा था। वहां कुछ लोगों ने रोक दिया। बताया गया कि शूटिंग चल रही है और आगे भेज दिया। समझ में नहीं आ रहा है कि कैसे जाऊं। आईएसबीटी की ओर जाना था। कोई रास्ता बंद करने से पहले सूचना दी जानी चाहिए।