दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन हो सकते हैं बंद: प्रदर्शन के चलते पुलिस ने लिखा पत्र; देखें स्टेशनों की सूची
प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों और भीड़ के जमा होने की आशंका को देखते हुए, 9 अक्तूबर को रात 9:00 बजे से दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के एंट्री/एग्जिट गेट बंद किए जा सकते हैं। पुलिस ने इस संबंध में डीएमआरसी को पत्र लिखा है।
विस्तार
दिल्ली पुलिस ने आज रात 9 बजे से कल तक 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का प्रस्ताव दिया है। यह प्रस्ताव दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारियों को भेजा गया है। डीएमआरसी की ओर से इस पर अंतिम पुष्टि का इंतजार है।
पुलिस ने बताया कि इन स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का सुझाव दिया गया है। हालांकि, यात्रियों को इंटरचेंज सुविधाओं का लाभ उठाने की अनुमति होगी। इसका मतलब है कि यात्री एक लाइन से दूसरी लाइन में बदल सकेंगे। लेकिन वे स्टेशन से बाहर नहीं निकल पाएंगे। साथ ही, इन स्टेशनों में प्रवेश भी नहीं कर पाएंगे। यह कदम सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उठाया गया है।
यहां देखें पूरी लिस्ट-

सीजेपी ने 3 अक्तूबर को मुंबई में प्रदर्शन के बाद 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का एलान किया था। पार्टी की ओर से कहा गया था कि अगर पुलिस उन्हें रास्ते में रोकती है तो वे उसी जगह बैठकर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन की अनुमति के लिए सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास 7 अक्तूबर को संसद मार्ग थाने पहुंचे थे।
उन्होंने पुलिस को प्रदर्शन की जानकारी देते हुए औपचारिक पत्र सौंपा। हालांकि, दिल्ली पुलिस की ओर से प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए पहले से अनुमति लेना जरूरी है। सीजेपी का कहना है कि अनुमति न मिलने के बावजूद 10 अक्तूबर का कार्यक्रम जारी रहेगा। प्रदर्शन में यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल होंगे।
बंगलूरू में भी प्रदर्शन
10 अक्तूबर के प्रदर्शन से पहले सीजेपी ने बृहस्पतिवार को बंगलूरू में भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची में बदलाव और चुनाव व्यवस्था को लेकर अपनी आपत्ति जताई।