बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में फिर बढ़ाई ठंड, लोग परेशान
दिल्ली में मंगलवार को भी हवा के साथ रिमझिम फव्वारे बरसने से लोगों को कड़कती ठंड का सामना करना पड़ा। काले बादलों के छाएं रहने से दिन के वक्त भी अंधेरा जैसा दृश्य था। अंधेरा होने से पहले ही लोगों को अपने वाहनों की बत्तियां जलानी पड़ी। शाम छह बजे के बाद एक बार फिर बारिश होने से ऑफिस से घर लोटने वाले लोग इधर-उधर छिपते हुए नजर आए।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को बसंती पंचमी वाले दिन भी आसमान में काले बादल छाएं रहेंगे और रुक-रुककर रिमझिम बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं दो दिनों से बारिश होने से अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों तक दिल्ली समेत एनसीआर इलाके में बूंदाबांदी हो सकती है। इस मौसम में अचानक हो रही बारिश के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बताया जा रहा है। लगातार बारिश होने से सुबह-शाम गलन बढ़ गई है। जबकि दिन के वक्त शीतलहर चलने से लोगों को गलन वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि हवा की दिशा बुधवार को उत्तर-पूर्वी से चलेगी। इस वजह से शुक्रवार तक अधिकतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।
सुबह कोहरे का रहेगा असर
मौसम विभाग का कहना है कि सर्द हवाओं के चलने से बुधवार सुबह लोगों को कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। पहाड़ियों से चलने वाली हवाओं से हवा का दबाव कम होने से कोहरे की चादर सुबह 9 बजे के बाद ही पूरी तरह छटने के आसार जताया जा रहा है। हालांकि रात के वक्त कोहरे से लोगों को राहत रहेगी।
पूर्वानुमान-काले बादलों का आवागमन, हल्की बारिश
अधिकतम तापमान-22.2 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान-10.50 डिग्री सेल्सियस
सूर्योदय-5:58बजे
सूर्योस्त-7:11बजे