सुनपेड गांव में फोटो ऑप कहने पर भड़के राहुल गांधी
फरीदाबाद के सुनपेड गांव में जिंदा जलाए गए दलित परिवार से मिलने पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पत्रकारों से बात करते हुए गुस्से में भड़क उठे। राहुल गांधी ने एक पत्रकार के सवाल गुस्सा जाहिर किया।
दरअसल दलित परिवार के लोगों से मिलने के बाद एक पत्रकार ने जब राहुल से ये पूछा कि क्या वे बल्लभगढ़ में फोटो खींचवाने के मौके (फोटो ऑप) के लिए आए हैं तो कांग्रेस उपाध्यक्ष गुस्सा हो गए।
उन्होंने पत्रकार पर बरसते हुए कहा कि ये फोटो ऑप कैसे हो सकता है? इस देश में लोग मर रहे हैं। आपका फोटो ऑप से क्या मतलब है? यहां गरीब लोगों के साथ अत्याचार हुआ है। वे यहां बार-बार आएंगे।
सीएम खट्टर को बताया जिम्मेदार
इससे पहले राहुल गांधी दलित समुदाय के लोगों के बीच बैठे और उनसे काफी देर तक बातचीत भी की। इसके बाद राहुल ने मीडिया से कहा कि इस घटना के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जिम्मेदार हैं और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
राहुल के मुताबिक वे चाहते हैं कि ऐसी घटना दोबारा न हो और वे इसके लिए लड़ेंगे। उन्होंने बताया परिवार के लोगों का कहना है कि बच्चों की कोई गलती नहीं थी। फिर भी उन्हें जिंदा जला दिया गया।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के दौरे के बाद अब दोपहर में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचेंगे।