Ghaziabad: यति नरसिंहानंद को जम्मू जाने से पुलिस ने रोका, टारगेट किलिंग को लेकर एलजी से जा रहे थे मिलने
यति नरसिंहानंद गिरि सहित का कहना है कि उनके शिष्यों को पुलिस ने जबरन रोक लिया। सभी का आरोप था कि हिंदुओं पर ज्यादती हो रही है, लेकिन सभी चुपचाप बैठे हैं।
विस्तार
महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि को जम्मू जाने से पहले रविवार को गाजियाबाद में गिरफ्तार कर लिया गया। यति नरसिंहानंद संतों के साथ कश्मीरी हिंदुओं की कथित टारगेट किलिंग के विरोध में प्रदर्शन करने जम्मू राजभवन के लिए रवाना हो रहे थे, इसी दौरान उनको गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने डीसीपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा को एलजी मनोज सिन्हा के नाम ज्ञापन सौंप दिया।
इस दौरान पुलिस और संतों के बीच बहस भी हुई। यति नरसिंहानंद गिरि सहित का कहना है कि उनके शिष्यों को पुलिस ने जबरन रोक लिया। सभी का आरोप था कि हिंदुओं पर ज्यादती हो रही है, लेकिन सभी चुपचाप बैठे हैं। उनका कहना था कि सभी साधु संत जल्द ही जम्मू रवाना होंगे। पुलिस अधिकारियों के साथ काफी देर बहस के बाद फिलहाल सभी ने स्थानीय पुलिस को ज्ञापन सौंप दिया।
ज्ञापन में मनोज सिन्हा पर आरोप लगाया गया कि टारगेट किलिंग पर उनका बयान भ्रामक है। इसके साथ ही सभी ने मिलने का वक्त भी मांगा। यति नरसिंहानंद उनसे मिलकर कुरान सहित 150 किताबें और इस्लामिक विद्वानों के भाषण के विडियो रिकार्डिंग भेंट करना चाहते हैं। साथ जाने वाले में कृष्ण स्वामी अमृतानंद, योगी सरोजनाथ, यति कृष्णानंद, अनिल यादव, सनोज शास्त्री शामिल थे। वहीं, डीसीपी ग्रामीण ईरज राजा का कहना है कि यति नरसिंहानंद व उनके साथ आए संतों से ज्ञापन ले लिया गया है। उनके ज्ञापन को सरकार को भेजा जाएगा।