'हर बार फ्री खाता है': पार्टी न देने पर दोस्तों ने मुंह-गर्दन पर मारे घूसे, मरने के बाद फेंका शव; ऐसे खुला राज
ग्रेटर नोएडा में एक किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक युवक और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पार्टी न देने से नाराज होकर तीनों ने किशोर की हत्या कर दी थी और शव को फेंककर फरार हो गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के जैतपुर वैशपुर गांव में किशोर का अपहरण कर हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बोड़ाकी गांव के विपिन (18) के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सोमवार को जेल भेज दिया गया। हत्याकांड में शामिल किशोर के दो नाबालिग दोस्तों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से दोनों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। आरोप है कि तीनों ने किशोर की हत्या पार्टी नहीं देने पर की थी।
किशोर के परिजनों ने केस दर्ज कराया था। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि 16 वर्षीय सन्नी रावल 10 जून को बाइक से निकाला था। इसके बाद घर नहीं लौटा था। 12 जून को उसकी बाइक खंडेरा गांव के समीप गंग नहर के किनारे लावारिस हालत में मिली थी। किशोर का शव चार दिन बाद 13 जून को जेवर कोतवाली क्षेत्र के अधीन दयानतपुर गांव की नहर में मिला था। इससे पहले परिजन ने 13 जून की दोपहर को किशोर की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए गुमशुदगी के पर्चे इलाके में लगवाए थे, लेकिन बाद में परिजन ने किशोर के तीन दोस्तों पर अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप था। मामले में नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया था। पहले पूछताछ में तीनों दोस्तों ने कहा था कि सभी नहाने के लिए गए थे। किशोर के पानी में डूबने के बाद उन्होंने घबराकर उसका मोबाइल और कपड़े नहर में फेंक दिए थे। मगर किशोर का मोबाइल और कपड़े अब तक नहीं मिले हैं, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर के सिर में चोट मिली है। पुलिस की ओर से मामले में बिसरा प्रिजर्व कर जांच के लिए भेजा गया है। जांच में पहचान पत्र में एक नाबालिग व्यस्क मिला। उसकी आयु साढ़े 18 वर्ष है।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि आरोपी विपिन और दो नाबालिगों ने सन्नी रावल की हत्या की है। मृतक और आरोपी के अलावा नाबालिग अक्सर खाने-पीने की पार्टी करते थे। पूर्व में आरोपी के अलावा नाबालिगों ने पार्टी थी। इस बार किशोर को पार्टी देनी थी, लेकिन किशोर ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं तो आरोपी और नाबालिग दोस्तों ने कहा कि वह हर बार फ्री का खाता है। इससे नाराज होकर सभी ने किशोर के मुंह और गर्दन पर जमकर घूसे मारे। एक ने उसके हाथ पकड़े। दम निकलने के बाद सभी मृतक किशोर के शव और मोबाइल को फेंककर अपने-अपने घर चले आए थे।