पीएम मोदी ने केजरीवाल को दी शुभकामनाएं, केजरीवाल ने भी किया शुक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने पर रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल को बधाई दी। केजरीवाल ने बधाई के लिए मोदी का शुक्रिया अदा किया और कहा कि केंद्र और आप सरकार को एक ऐसी दिल्ली बनाने के लिए साथ काम करना चाहिए, जिस पर सबको गर्व हो।
मोदी ने ट्वीट किया, ‘मैं अरविंद केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने की बधाई देता हूं। सार्थक कार्यकाल के लिए मेरी तरफ से शुभकामनाएं।’
I congratulate Shri @ArvindKejriwal on taking oath as Delhi’s CM earlier today. Best wishes to him for a fruitful tenure.
— Narendra Modi (@narendramodi) February 16, 2020
केजरीवाल ने रविवार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री मोदी को भी आमंत्रित किया था लेकिन कई परियोजनाओं की शुरुआत करने के लिए मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में थे। केजरीवाल ने कहा, ‘ आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद सर, मेरी इच्छा थी कि आप आज आते, लेकिन मैं आपकी व्यस्तता समझ सकता हूं।’
उन्होंने कहा, ‘ सभी भारतीय गर्व कर सकें, ऐसी दिल्ली बनाने के लिए हमें साथ मिलकर काम करना चाहिए।’
केजरीवाल ने कई मंत्रियों मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, इमरान हुसैन, राजेंद्र पाल गौतम और कैलाश गहलोत के साथ पद व गोपनीयता की शपथ ली।