मिर्च पाउडर स्प्रे ने रोकी मेट्रो, घबराए यात्रियों को दबाना पड़ा इमरजेंसी बटन
महिलाओं द्वारा सुरक्षा के लिए प्रयोग किए जाने वाले मिर्च पाउडर स्प्रे के चलते सोमवार को मेट्रो को पांच मिनट से ज्यादा एक ही स्टेशन पर रोकना पड़ा।
इससे स्टेशन पर भारी भीड़ होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में जिस महिला के बैग से स्प्रे लीक हुआ था, उसने सबसे माफी मांगी।
मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। पूरा मामला मेट्रो की लाइन दो (समयपुर बादली से हुड्डा सिटी सेंटर) के हौजखास मेट्रो स्टेशन का है।
अचानक लोगों ने महसूस किया हल्का धुआं देखा और आंखों में जलन
हुड्डा सिटी सेंटर की ओर जाने वाली मेट्रो के एक कोच में अचानक लोगों ने हल्का धुआं देखा और आंखों में जलन महसूस की। कुछ लोगों ने दम घुटने की भी शिकायत की।
घबराएं यात्रियों ने मेट्रो का इमरजेंसी बटन दबा दिया। इसके बाद मेट्रो को हौजखास मेट्रो स्टेशन पर रोक दिया गया। वहां आनन-फानन में यात्रियों को बाहर निकाला गया।
मौके पर सीआईएसएफ, मेट्रो की टीम और मेट्रो पुलिस टीम भी पहुंच गई। कोच की जांच की गई तो पता चला कि किसी ने मेट्रो के अंदर मिर्च पाउडर स्प्रे का प्रयोग किया है। यात्रियों में से एक महिला सामने आई जिसने माना कि बैग में सुरक्षा कारणों के चलते मिर्च पाउडर स्प्रे रखा था। गलती से वह लीक हो गया।