Glowing Skin: न मानें इंस्टा के डॉक्टर की सलाह, कर देंगे आपकी स्किन खराब; त्वचा निखारने के बताते हैं गलत तरीके
इंस्टग्राम यूजर के संबंध में दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन (डीएमए) ने बात की गई है। डीएमए अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि इस दिशा में जल्द ही सरकार से बात कर उचित कदम उठाया जाएगा।
विस्तार
सोशल मीडिया पर ज्यादा लाइक के चक्कर में त्वचा के उपचार के लिए तरह-तरह की दवाओं का प्रयोग करने की सलाह दे रहे इंस्टाग्राम यूजर लोगों की स्किन खराब कर रहे हैं। स्थिति ज्यादा बिगड़ने पर मरीज जब त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास पहुंचते हैं तो उपचार करना भी मुश्किल हो जाता है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे लोगों को त्वचा विज्ञान के बारे में कोई जानकारी नहीं है, बावजूद इसके वह लोगों को त्वचा निखारने गलत तरीके बता देते हैं।
यंग डर्मेटोलॉजिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारी व डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के पूर्व त्वचा विशेषज्ञ डॉ. मनीष जांगड़ा ने बताया कि इन दिनों इंस्टाग्राम पर काफी लोग आ गए हैं, जो त्वचा रोग के उपचार पर अधकचरा ज्ञान दे रहे हैं। स्किन को जल्द सुंदर बनाने के लिए ये लोग स्टेरॉयड युक्त दवाओं की सलाह दे रहे हैं जो स्किन को खराब कर देती है।
हमारे पास बहुत से ऐसे मरीज आ रहे हैं, जिन्होंने इंस्टाग्राम पर खुद को डॉक्टर बताकर जानकारी देने वालों के हिसाब से उपचार किया और रोग को गंभीर कर लिया। ऐसे इंस्टग्राम यूजर के संबंध में दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन (डीएमए) ने बात की गई है। डीएमए अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि इस दिशा में जल्द ही सरकार से बात कर उचित कदम उठाया जाएगा।
सोशल मीडिया पर भी चलाएंगे अभियान
डॉ. जांगड़ा ने कहा कि त्वचा रोग से जुड़े लोग गलत प्रचार कर रहे लोगों के खिलाफ जल्द ही सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान चलाएंगे। क्योंकि गलत जानकारी से होने वाले नुकसान को रोकना जरूरी है। इससे डॉक्टरों की समस्या भी बढ़ रही है।