ऑटो चालकों की मनमानी : सीएनजी की बढ़ी कीमतों की आड़ में 'जेब पर डाका', दूरी और दाम के खेल में पिस रहे हैं यात्री
दिल्ली में ऑटो चालकों की मनमानी से लोग परेशान हैं। सीएनजी की बढ़ी कीमत के नाम पर चालक 80 की जगह 180 रुपये किराया मांग रहे हैं। मनमाने ढंग से किसी ने 30 तो किसी ने 50 रुपये तक किराया में बढ़ाए हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में पड़ताल के दौरान यह हकीकत सामने आई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में ऑटो चालकों के दूरी और दाम के खेल में लोगों की जेब ढीली हो रही है। गुरु तेग बहादुर नगर मेट्रो स्टेशन से संत नगर की दूरी करीब साढ़े पांच किलोमीटर होगी। आमतौर पर यह सफर 70 से 80 रुपये में हो जाता था, लेकिन इनदिनों लोगों को 170 से 180 रुपये तक देने पड़ रहे हैं। पूछने पर ऑटो चालक कहते हैं कि सीएनजी महंगी होती जा रही है। ऐसे में किराया भी बढ़ेगा। अगर इनसे मीटर से चलने के लिए कहो तो चालक ऑटो ही आगे बढ़ा देते हैं, मानों नियमों की कोई परवाह ही न हो।
ऑटो चालकों की इस मनमानी को लेकर जब दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से किराया पूछा गया तो लगभग सभी जगह एक जैसी स्थिति देखने को मिली। सीएनजी के दाम बढ़ने की आड़ में एक तो ऑटो चालकों के किराए में कोई समानता नहीं मिली। दूसरी बात यह कि कोई भी मीटर से चलने को तैयार नहीं। एक समान दूरी के लिए अलग अलग किराया लिया जा रहा है।
पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में किराए में हुआ इतना बदलाव
पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में आमतौर पर 100 से 120 रुपये किराया लगता था लेकिन अब यही किराया 150 से 180 रुपये तक पहुंच गया है। लक्ष्मी नगर के ही निवासी तुषार शर्मा बताते हैं कि दो दिन पहले उन्होंने जब मंगल बाजार से एक ऑटो किया तो वह उनकी सवारी को 150 रुपये में स्टेशन तक ले गया। चूंकि उन्हें एक और ऑटो की आवश्यकता थी। इसलिए जब वे नाला रोड तक पहुंचे तो वहां मिले ऑटो ने उनसे उससे कम दूरी के 180 रुपये लिए। ट्रेन का समय होने के चलते तुषार को यह किराया देना पड़ा।
इसी तरह का एक और मामला दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला। यहां से पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार जाने के लिए 290 रुपये का किराया ऑटो चालक ने लिया। जबकि ओला ऑटो ने उतनी ही दूरी का किराया 195 रुपये लिया। इसी दूरी के लिए जब प्रीत विहार में ऑटो चालक से पूछा तो उसने 320 रुपये बताए।