चार माह के बच्चे को लेकर पाकिस्तान से भारत आए मां-बाप, अब नोएडा में होगा इलाज
पाकिस्तान के 4 माह के मासूम रोहान के माता-पिता अपने बच्चे के इलाज के लिए सोमवार शाम 7 बजे नोएडा के जेपी अस्पताल पहुंचे। इलाज के लिए परिवार ने जेपी अस्पताल से अप्रैल 2017 में संपर्क किया था।
बच्चे के अस्पताल आते ही अस्पताल प्रबंधन सक्रिय हो गया और तुरंत ही डॉक्टरों ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। दरअसल, पाकिस्तान के कनवाल सादिक के 4 माह के बेटे रोहानके दिल में छेद है और पाक में बच्चे का इलाज संभव नहीं था।
जिसके चलते परिवार के लोग रोहान का इलाज कराने के लिए भारत आने का प्रयास कर रहे थे और दोनों देशों के बीच संबंधों को देखते हुए वीजा नहीं मिल पा रहा था। सादिक के एक मित्र ने उन्हें विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट कर मदद की गुहार लगाने की सलाह दी। सादिक ने उसी दिन ट्विटर हैंडल बनाया और विदेश मंत्री को ट्वीट किया।
उनके द्वारा किए गए ट्वीट पर विदेश मंत्री की ओर से त्वरित कार्रवाई कराते हुए दो दिन में उनको वीजा दिला दिया गया। इसके बाद परिवार ने जेपी अस्पताल में भी रोहान का इलाज कराने के लिए समय ले लिया।
बाघा बार्डर पार कर पहुंचे भारत
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान में कुछ लोगों ने दूसरे देश में जाकर इलाज कराने की सलाह दी थी जबकि अधिकतर लोग भारत में इलाज कराने के लिए सलाह दे रहे थे।
वह भारत आने के बाद कतई महसूस नहीं कर रहे कि वे किसी दूसरे देश में आए हैं। उन्होंने बताया कि वह बस द्वारा पाकिस्तान से पहले बाघा बार्डर पर पहुंचे। वहां से बस में सवार होकर दिल्ली आए।
बच्चे की जांच में जुट गए डॉक्टर
दिल्ली आते ही जेपी अस्पताल की गाड़ी से अस्पताल पहुंचे। चूंकि उन्होंने ई-मेल द्वारा पहले ही सभी दस्तावेज भेज दिए थे और डॉक्टर बच्चे की जांच में जुट गए हैं। कनवाल सादिक पेशे से सिविल इंजीनियर हैं और वह लाहौर के एक विश्वविद्यालय में प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।
हालांकि सोमवार शाम को अमर उजाला की तरफ से कनवाल से जब भारत-पाक सीमा पर चल रहे तनाव के बारे में पूछा गया तो ज्यादा न बोलते हुए यही कहा कि दोनों मुल्क अच्छे हैं।
बताया कि जब वह बस से पंजाब होते हुए आ रहे तो पंजाब में खाना खाया तो वहां भी लोगों का व्यवहार बहुत ही अच्छा था। उन्होंने विदेश मंत्री की खूब तारीफ की।