आर्ट ऑफ लीविंग पर सख्त एनजीटी, कल तक दिया 4 करोड़ 75 लाख भरने का निर्देश
एनजीटी मे श्रीश्री रविशंकर की संस्था आर्ट ऑफ लीविंग को कल तक 4 करोड़ 75 लाख रुपए भरने का निर्देश दिया गया है। एनजीटी ने एओएल काउंसल की अपील पर कहा है कि यह रकम आरटीजीएस के जरिए डीडए के नाम से अदा की जाए।
साइट की जांच के लिए प्रधान समिति के साथ नीरी के सदस्य भी जांच करेंगे। इसके तहत 10 जून से पहले साइट की जांच के आदेश दिए गए हैं।
इतना ही नहीं यह पूरी रिपोर्ट सील कवर के साथ मांगी गई है। बेंच ने कहा कि अगर इसी बीच बारिश हो जाती है तो जांच का मकसद खत्म हो जाएगा।
19 जून को होगी मामले की अंतिम सुनवाई
बेंच ने एओएल पर बीती सुनवाई में जुर्माना भरने के बजाय याचिका दाखिल करने पर लगाए गए पांच हजार रुपए के शुल्क को एनजीटी बार एसोसिएशन को देने के लिए कहा गया है।
एओएल पर मामले की अंतिम सुनवाई 19 जून को होगी। बेंच ने बीच में लगाई गई सभी तारीख निरस्त कर दी है। जस्टिस स्वतंत्र कुमार की वैकेशन बेंच ने ये आदेश जारी किया है।
बेंच ने सुनवाई के दौरान आर्ट ऑफ लीविंग से कहा कि अब बाकी की रकम संस्था को भर देनी चाहिए। इस मामले से उन्हें भी बहुत परेशानी हुई है।