शादी से किया इंकार तो सनकी आशिक ने चाकू से किए 12 वार, कान भी काटे
बहादुरगढ़ क्षेत्र से सटी दिल्ली की कॉलोनी धर्मपुरा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एकतरफा प्यार में एक युवक ने शादी से इंकार करने पर घर में घुसकर एक युवती को 12 बार चाकू से गोद दिया।
इतना ही नहीं युवक ने लड़की के कान तक काटकर अलग कर दिए। घटना बुधवार दोपहर की है। गंभीर हालत में युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नजफगढ़ थाना पुलिस ने वीरवार को आरोपी युवक और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। मुख्य आरोपी विवाहित है।
लड़की के भाई का दोस्त है आरोपी
पुलिस के अनुसार युवती की बड़ी बहन ने बताया कि उसके भाई का दोस्त अमित उसकी छोटी बहन अन्नु से एक तरफा प्यार करता था और शादी करना चाहता था।
इसी सोच के चलते वह उसकी बहन से मिलने घर में उस वक्त आता था जब कोई नहीं होता था। वह अन्नु से छेड़छाड़ भी करता था। परिवार वालों को अमित के गलत इरादों का पता चला तो उसे घर आने से भी मना कर दिया।
इसके बावजूद वह चोरी छुपे आने लगा। उसकी बहन ने अमित को शादी लिए साफ इनकार कर दिया और उसकी शिकायत घर वालों से की। यह उसे नागवार गुजरा।
लड़की के इंकार से चिढ़ गया था अमित
इसकी रंजिश में अमित बुधवार दोपहर अपने चचेरे भाई के साथ घर में घुस गया और रसोई में खाना बना रही अन्नु का मुंह दबाकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए।
अमित ने अन्नु के कान तक काट दिए और फरार हो गया। जब सबसे छोटी बहन स्कूल से घर लौटी तो अन्नु को लहूलुहान हालत में देख पड़ोसियों और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गंभीर घायल अन्नु को पास के हॉस्पिटल में ले जाया गया, वहां से सफदरजंग हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। बाहरी दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त रिषी पाल के मुताबिक, वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी अमित और वारदात में उसका साथ देने के आरोपी उसके चचेरे भाई बसंत को गिरफ्तार कर लिया है।