देखने जा रहे थे बेटी के लिए लड़का, एक परिवार से 3 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फैज रोड-रोहतक रोड क्रॉसिंग पर रविवार सुबह पंजाब रोडवेज की डीलक्स बस ने एक कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार लाला हुकुमचंद (80), उनके बेटे राकेश जैन (58) और बहू विजया जैन (55) की मौत हो गई।
वहीं दो बेटे मुकेश व विरेंद्र और पोता पराग जख्मी हो गए। घायलों को लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि हालत बिगड़ने पर पराग को गंगाराम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए। बताया गया है कि परिवार को राकेश की बेटी डॉ. नेहा की शादी के लिए लड़का देखने अजमेर जाना था। हादसे के वक्त परिजन कार से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे।
उन्हें अजमेर जाने के लिए शताब्दी ट्रेन पकड़नी थी
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह 5:30 बजे हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार छह लोगों को लेडी हार्डिंग और राममनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां लाला हुकुमचंद, राकेश और विजया को मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं राकेश के बेटे पराग की हालत बिगड़ने के बाद उसे गंगाराम अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इधर, देशबंधु गुप्ता रोड थाना पुलिस ने बस को जब्त कर चालक गुरदासपुर निवासी जगतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मूलत: गन्नौर (सोनीपत) के रहने वाले राकेश प्रशांत विहार के बी ब्लॉक में रहते थे। रविवार तड़के परिवार के सभी सदस्य कार से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे, जहां से उन्हें अजमेर जाने के लिए शताब्दी ट्रेन पकड़नी थी।
हादसा जिस वक्त हुआ, उस समय ट्रैफिक लाइट ब्लिंक मोड में थी
वहीं पंजाब रोडवेज की बस जालंधर से सवारियों को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट जा रही थी। बताया गया है कि हादसा जिस वक्त हुआ, उस समय ट्रैफिक लाइट ब्लिंक मोड में थी।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। लाला हुकुमचंद के पोते अमित ने बताया कि उसके दादा समाजसेवी थे।वहीं राकेश जैन दिल्ली में सिंडीकेट बैंक में मैनेजर थे। डेढ़ साल पहले राकेश का जयपुर से दिल्ली तबादला हुआ था।
जांच के बाद पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के समय दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। आगे निकलने की होड़ में दोनों वाहन के चालकों ने ट्रैफिक लाइट पर भी वाहन की रफ्तार को कम नहीं किया। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस कार को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।