ईद पर मचेगी धूम, कहीं पर कुवैत का इत्र तो कही पर फिरोजाबाद की चूड़ियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज रमजान का आखिरी शुक्रवार है। इसके साथ ही अब ईद को भी कुछ ही दिन रह गए हैं। ऐसे में लोगों ने ईद की खरीददारी भी शुरू कर दी है। मॉल्स से लेकर मार्केट में ईद की रौनक नजर आने लगी है।
ईद पर कुछ अलग दिखने के लिए सिर्फ कपड़ों की ही नहीं इत्र, चूड़ियां, मेहंदी लगवाने के लिए अभी से बुकिंग शुरू कर दी है। इस बार सस्ते कपड़े खरीदने के लिए युवा पीढ़ी ऑनलाइन शॉपिंग भी कर रही हैं। इस बार भी ईद हर मायने में खास होने वाली है। नोएडा के युवा इस बार ईद को अलग ढंग से मनाने के मूड में नजर आ रहे हैं।
रमजान के दौरान मार्केट में देसी और विदेशी इत्र की खुशबू बिखरी हुई है। ईद के मद्देनजर इत्र की अलग- अलग वैरायटी मंगाई गई है। सेक्टर- 8 में इत्र की दुकान लगाने वाले आसिफ ने बताया कि रमजान के महीने में इत्र की बहुत मांग रहती है। लोगों की मांग पर ईद के लिए भी अलग से इत्र मंगाया गया है। इसका नाम जन्नतुल फिरदौस है। ये विशेष रूप से कुवैत से मंगाया गया है। इसकी कीमत 150 रुपये में शुरू है।
ऑनलाइन कर रहे हैं सस्ती खरीददारी
ईद पर सस्ती और अच्छी खरीददारी करने के लिए लोग ऑनलाइन शॉपिंग का सहारा ले रहे हैं। यहां पर मार्केट रेट की तुलना में 20 से 30 फीसदी सस्ते कपड़े मिल रहे हैं। साहिल खान ने बताया कि हमारी पूरी परिवार ने ऑनलाइन ही खरीददारी की है। यहां पर मार्केट की तुलना में सस्ते कपड़े मिले हैं। बाजार में डिजाइनर कुर्ता 2000 रुपये से शुरू है। जबकि ऑनलाइन खरीदने पर वहीं कुर्ता 1500 रुपये में मिल रहा है।
मॉल्स में मिलने शुरू हुए डिस्काउंट
ईद खरीददारी को देखते हुए मॉल्स में स्पेशल डिस्कांउट ऑफर्स भी शुरू हो गए हैं। किसी शो -रूम में 20 फीसदी डिस्काउंट दिया जा रहा है तो कही पर ईद की खरीददारी पर गिफ्ट दिया जा रहा है। यहां तक की अब तो सेक्टर - 18 और अट्टा मार्केट में भी डिस्काउंट शुरू हो गया है। अट्टा मार्केट के कपड़ों के दुकानदार विनोद ने बताया कि हम लोग ईद की खरीददारी पर 20 फीसदी डिस्काउंट दे रहे हैं।
मेहंदी के लिए शुरू हुई बुकिंग
ईद पर हर कोई खास लगना चाहता है। इसके लिए अभी से मेहंदी लगवाने के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। सामान्य दिनों में 150 से 200 रुपये में एक हाथ पर मेहंदी लगती है। लेकिन ईद को देखते हुए मेहंदी लगाने वालों ने रेट भी बढ़ा दिए हैं। अब 250 रुपये में एक हाथ में मेहंदी लगाई जा रही है।
फिरोजाबाद की चूड़ियों की धमक
जब चूड़ियों का नाम आए और फिरोजाबाद का नाम न आए ऐसा कैसे हो सकता है। अट्टा मार्केट में विशेष रूप से ईद के लिए फिरोजाबाद की चूड़ियां मंगवाई गई हैं। इसमें कांच की चूड़ियों से लेकर सिल्वर की चूड़ियां भी हैं। कांच की चूड़ियों की कीमत 50 रुपये दर्जन से शुरू है वहीं सिल्वर की चूड़ियां 200 रुपये दो दर्जन के हिसाब से मिल रही हैं।