शपथ ग्रहण से पहले ही 'आप' के घोषणा पत्र पर काम शुरु
दिल्ली में आम आदमी पार्टी को मिली सफलता के बाद अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेता शपथ ग्रहण तक का इंतजार करने के मूड में भी नहीं दिखाई दे रहे।
बहुमत आने के साथ अररविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित पार्टी के विधायक दस फरवरी के अगले दिन से ही काम में लग गए हैं।
केंद्रीय मंत्रियों से मिलने के साथ ही आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के प्रमुख सचिव से मुलाकात की थी और उन्हें पार्टी का घोषणा पत्र सौंप काम पर लग जाने का संदेश दे दिया था।
इस संदेश का असर होना भी शुरु हो गया है। दिल्ली सरकार के अधिकारी भी एक्शन में आ चुके हैं। प्रमुख सचिव से मुलाकात के बाद शुक्रवार को दिल्ली जल बोर्ड के प्रमुख विजय कुमार ने जल बोर्ड के अधिकारियों की आपातकालीन बैठक बुलाई।
विजय कुमार ने आम आदमी पार्टी के घोषणापत्र के मुताबिक दिल्ली के लोगों को मुफ्त पानी देने की योजना पर काम शुरु करने का निर्देश अपने अधिकारियों को दिया।
'पहले ही बहुत देर हो चुकी है'
इसके साथ ही बवाना वाटर ट्रीटमेंट प्लांट ने 40 एमजीडी पानी की सप्लाई तुरंत करनी शुरु कर दी है। वैसे तो सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को है लेकिन, आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को ही नगेंद्र शर्मा को मुख्यमंत्री का मीडिया सलाहकार और दिल्ली सरकार का प्रवक्ता घोषित कर दिया है।
बृहस्पतिवार को एक टीवी इंटरव्यू में मनीष सिसोदिया से जब सवाल किया गया कि उनकी पार्टी इतनी जल्दबाजी में क्यों और वह सरकार बनने का इंतजार क्यों नही कर रहे?
इस सवाल के जवाब में मनीष ने साफ कहा कि कुछ काम ऐसे हैं जिनमें पहले ही बहुत देर हो चुकी है। उन्होंने उदाहरण देकर बताया कि दिल्ली की जनता प्राइमरी एडमिशन में सुधार चाहती थी लेकिन सरकार बनने से चंद दिनों पहले ही एडमिशन की प्रक्रिया खत्म हो गई।
मनीष ने यह भी कहा कि बृहस्पतिवार को मंगोलपुरी में मेट्रो के निर्माणाधीन एलीवेटर गिरने के मामले में भी उन्होंने इंतजार नहीं किया बल्कि संबंधित अधिकारियों को फोन कर तुरंत कार्यवाही करने को कहा।