'इस बार अगर सफल रहा तो हर माह लागू होगा ऑड-इवन'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में 15 अप्रैल से शुरू होने जा रही दूसरे चरण की सम विषम योजना यदि इस बार सफल रही तो इस फॉर्मूला को हर माह लागू किया जाएगा। ये बातें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में सिविल डिफेंस के वालंटियर और नोडल अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, परिवहन मंत्री गोपाल राय समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे।
केजरीवाल ने कहा कि सम विषम के दूसरे फेज को ट्रायल नहीं माना जाए। ट्रायल हम जनवरी में कर चुके हैं जो पूरी तरह से सफल रहा और जिसे देश ही नहीं विदेशों में भी सराहा गया।
दूसरे फेज में हमारे तैयारियों की समीक्षा है। दूसरा फेज सफल रहा तो हम इसे प्रत्येक माह लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि पहला फेज भी दिल्लीवालों के सहयोग से सफल हुआ। यह फॉर्मूला दूसरे देशों में विफल रहा लेकिन दिल्लीवासियों ने इसे यहां हिट करा दिया।
हम दूसरे फेज को भी सफलतापूर्वक लागू कर पाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि, दिल्लीवासी पहले फेज के बाद से लगातार इसे दोबारा लागू करने का सरकार पर दबाव बना रहे हैं। ऐसे में विश्वास है कि हम दूसरे फेज को भी सफलतापूर्वक लागू कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि वालंटियर और अधिकारियों के सहयोग से कारण पहला चरण सफल हुआ था। इस बार भी यह पूरी तरह सफल होगा।
उन्होंने वालंटियरों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें सड़क पर किसी से उलझना नहीं है। लोगों को समझाना है। गर्मी को देखते हुए वालंटियरों के लिए छतरी और पानी की व्यवस्था की जाएगी। पिछली बार जनता से संवाद करके ही हम सफल हुए।
इस बार भी ऐसा करना है। इस मौके पर वालंटियरों को बताया गया कि उन्हें सड़क पर किस तरह काम करना है। उनकी मॉनिटरिंग कैसे होगी। वे किसे रिपोर्ट करेंगे। किसका क्या काम है इसकी जानकारी भी दी गई।