नर्स की थी बुरी नीयत: बीमार महिला की देखरेख में थी तैनात, अगले ही दिन कर डाला ऐसा कांड... अब हो रही उसकी तलाश
बीमार महिला की देखभाल में रखी गई नर्स की हरकत से लोग अचंभित हैं। कई बार प्रयास करने के बाद भी नर्स से संपर्क नहीं हो पाया। मामले की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
विस्तार
बीमार महिला की देखरेख के लिए घर में नर्स रखी गई। दूसरे ही दिन नर्स फ्लैट से लाखों के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गई। इसका पता चलते ही इलाइट गोल्फ गार्डन निवासी गंगा कक्कड़ ने कोतवाली-113 पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गंगा कक्कड़ ने कहा कि मां की तबीयत खराब रहती है। उनकी देखभाल के लिए गंगा ने तीन मार्च को हायर एजेंसी से बबीता नामक नर्स को घर में रखा था। चार मार्च को बबीता काम करके घर से गई। उसके बाद वापस नहीं आई। फोन करने पर उसने तबीयत खराब होने की बात कहते हुए दिल्ली के अस्पताल जाने की बात कही।
कुछ समय बाद घर का लॉकर खोलने पर गंगा को जेवर गायब होने का पता चला। लॉकर से सोने के हार, कान की बाली, सोने के कड़े, अंगूठियां, टॉप्स, सोने का टुकड़ा और 22 हजार रुपये नकद गायब थे। गायब जेवर की कीमत लाखों में बताई गई है। कई बार प्रयास करने के बाद भी नर्स से महिला का संपर्क नहीं हो पाया।
गंगा ने हायर एजेंसी से संपर्क किया। पीड़िता ने नर्स की शिकायत करते हुए दूसरी नर्स को भेजने के लिए कहा। आरोप है कि एजेंसी ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। अब इस मामले में कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस मामले की जांच कर रही है।