रानी और गुड्डी गुजर गईं: नूंह में कोटा-रामपुर सड़क पर भीषण हादसे में दो महिलाओं की मौत, चालक सहित कई घायल
मोहम्मदपुर अहिर क्षेत्र की कोटा-रामपुर सड़क पर सुबह हादसा हुआ। टेंपो में सभी महिलाएं सवार थीं, जो रोजाना मजदूरी के लिए इसी टेंपो से जाती थीं। तेज गति से आ रहे डंपर ने टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
विस्तार
हरियाणा के नूंह जिले के तावड़ू उपमंडल के अंतर्गत मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। गांव कोटा के पास रामपुर सड़क पर सवारियों से भरा एक टेंपो तेज रफ्तार अज्ञात डंपर से टकरा गया, जिसमें दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक सहित कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसा मोहम्मदपुर अहिर क्षेत्र की कोटा-रामपुर सड़क पर सुबह हुआ। टेंपो में सभी महिलाएं सवार थीं, जो रोजाना मजदूरी के लिए इसी टेंपो से जाती थीं। तेज गति से आ रहे डंपर ने टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवारियां सड़क पर बिखर गईं। मृतकों की पहचान रानी देवी (39), पत्नी समय सिंह और गुड्डी ( 56) पत्नी समय सिंह के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं मोहम्मदपुर अहिर गांव की निवासी थीं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। टेंपो चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नूंह सीएचसी भेज दिया गया है। सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी वीरेंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है। फरार डंपर चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है। मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार भारी वाहन चलते हैं, जिससे हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। खास बात यह है कि यही सड़क आईटीसी ग्रैंड भारत होटल और आईटीसी क्लासिक गोल्फ रिजॉर्ट की ओर जाती है, जहां नियमित रूप से वीआईपी लोगों का आवागमन रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने, बेहतर साइनेज व्यवस्था करने और सख्त निगरानी बढ़ाने की मांग की है।