मेट्रो किराया : NSUI कार्यकर्ताओं का विश्वविद्यालय स्टेशन पर प्रदर्शन, 3 पर केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेट्रो रेल किराये में प्रस्तावित वृद्धि का विरोध कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सोमवार को दिल्ली-गुरुग्राम मेट्रो (पीली लाइन) पर एक मेट्रो को ट्रैक पर रोक दिया। विश्वविद्यालय से समयपुर बादली की ओर जाने वाले ट्रैक पर रोकी गई ट्रेन के कारण दोनों ट्रैक पर सेवाएं 8 से 10 मिनट के लिए प्रभावित र्हुइं। ट्रैक पर उतरे तीन कार्यकर्ताओं के खिलाफ दिल्ली मेट्रो पुलिस ने डीएमआरसी एक्ट केतहत मामला दर्ज किया है।
मेट्रो की पीली लाइन समयपुर बादली से गुरुग्राम को जोड़ती है। सुबह लगभग 11.30 बजे एनएसयूआई कार्यकर्ता किराये में प्रस्तावित बढ़ोतरी के विरोध में विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के ट्रैक पर उतर गए। यह स्टेशन बेहद व्यस्त स्टेशन है, ट्रैक पर उतरने के कारण मेट्रो आठ से दस मिनट के लिए बाधित रही। एनएसयूआई प्रवक्ता नीरज मिश्रा के मुताबिक, दिल्ली एनएसयूआई अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा, पूर्व डूसू उम्मीदवार शौर्यवीर व अर्जुन चपराना दस मिनट के लिए मेट्रो ट्रैक पर बैठ गए।
मेट्रो सेवा प्रभावित होने के कारण दिल्ली पुलिस व सीआईएसएफ मौके पर पहुंच गई। कुछ मिनटों बाद ही एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को ट्रैक से हटा दिया गया। प्रवक्ता ने कहा कि हमारी मांग है कि बढ़ा हुआ किराया वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि डीटीसी के पास की तर्ज पर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को मेट्रो पास जारी किए जाएं।
प्रस्तावित किराये में वद्धि पर एबीवीपी ने जताया विरोध
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी प्रस्तावित किराये में वृद्धि पर विरोध जताया है। एबीवीपी राष्ट्रीय मीडिया संयोजक साकेत बहुगुणा ने कहा है कि कुछ दिन पहले बढ़े किराये ने पहले ही छात्रों को काफी प्रभावित किया था। अब दोबार किराये में बढ़ोतरी का सामना छात्र नहीं कर सकते।
किराये में वृद्धि का एक अन्य प्रस्ताव अब यात्रियों की जेब में विशेष रूप से छात्रों की जेब पर भारी पड़ेगा। हम दिल्ली के छात्रों के लिए विशेष रियायती पास की मांग को दोहराते हैं।