जिस NRI पर शिव ने डाली गंदी नजर, उसने भी की पहल
नई दिल्ली के उत्तरी जिला पुलिस इंद्रलोक कैब रेप मामले में न्यू जर्सी (अमेरिका) में रहने वाली निधि शाह को सरकारी गवाह बना सकती है। पुलिस ने युवती को ईमेल भेजकर शिकायत दर्ज करवाने का अनुरोध किया है।
हालांकि निधि ने पुलिस से उनकी ईमेल और शिकायत को गोपनीय रखने की मांग की है। निधि की उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त से ट्वीट और ईमेल से बातचीत हुई थी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने युवती से अनुरोध किया है कि वह जल्द से जल्द अपनी शिकायत ईमेल के जरिये भेज दें, ताकि केस दर्जकर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कैब चालक को सजा दिलाई जा सके।
निधि ने मांगी थी दिल्ली पुलिस से सलाह
निधि ने अभी तक शिकायत से संबंधित ईमेल नहीं भेजी है, लेकिन बताया जा रहा है कि इससे पहले भेजे ईमेल में युवती ने उसके ईमेल और शिकायत को गोपनीय रखने की मांग की थी।
गौरतलब है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में काम के सिलसिले में निधि दिल्ली आई थी। कैब दुष्कर्म मामला उजागर होने के बाद उसने खुलासा किया था कि 26 नवंबर को आरोपी ड्राइवर ने उससे बदसलूकी करने की कोशिश की थी।
इसकी शिकायत उबर कंपनी के अधिकारियों से की थी, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस पूछताछ में यह बात उबर कंपनी के अधिकारियों ने स्वीकारी थी।