ग्रेटर नोएडा। दिल्ली मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर से प्रभावित गांवों के किसान नए जमीन अधिग्रहण कानून के हिसाब से मुआवजा व अन्य सुविधाएं पाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। अब तक 11 किसान क्रमिक अनशन पर बैठे रहे थे। सोमवार (आज) से महिलाओं ने क्रमिक अनशन का एलान किया है। वहीं 11 फरवरी से काम रोकने की चेतावनी दी गई है।
किसान लंबे समय से नए जमीन अधिग्रहण कानून का लाभ दिए जाने की मांग कर रहे हैं। पिछले 4 दिनों से प्राधिकरण के गेट पर धरना और क्रमिक अनशन भी जारी है। अब तक प्राधिकरण से 7 दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन कोई हल नहीं निकला। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी आंदोलन जारी रहेगा। रविवार को धरना स्थल पर किसान महेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, फतेह सिंह, राजवीर सिंह, धीर सिंह, वृज मोहन, जितेंद्र, आकाश, मनीष, चाहतराम, दयाराम क्रमिक अनशन पर बैठे। किसान नेता सुनील फौजी ने बताया कि कोट, आनंदपुर, मिलक, खटाना समेत छह गांवों में जनसंपर्क भी किया गया। वहां के किसानों ने आंदोलन का समर्थन कर 11 फरवरी को होने वाली महापंचायत में शामिल होने का आश्वासन दिया है। सोमवार को धरना स्थल पर 11 से अधिक महिलाएं क्रमिक अनशन करेंगी।