ये हरकत गलत: भाजपा नेता की प्लेट लगे वाहन पर युवक ने किया स्टंट, ‘मुझे..विलेन ही रहने दे’ गाने पर बनाया वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में भाजपा जिला मंत्री की प्लेट लगे वाहन के ऊपर बैठे युवक को जिले के युवा मोर्चा के नेता के परिवार का युवक होने का दावा किया जा रहा है।
विस्तार
भाजपा जिला मंत्री युवा मोर्चा की नंबर प्लेट लगे वाहन के ऊपर बैठे युवक और उसके समर्थकों का यातायात नियमों का उल्लंघन करते का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो के साथ ‘मुझे हीरो न बनना विलेन ही रहने दे’ गाना एडिट किया गया है। वाहन नंबर गौतमबुद्ध नगर का है। इसके चलते नोएडा पुलिस और यूपी पुलिस को ट्विटर पर टैग कर कार्रवाई की मांग की गई है। इस पर यूपी पुलिस के ट्विटर हैंडल से नोएडा पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में भाजपा जिला मंत्री की प्लेट लगे वाहन के ऊपर बैठे युवक को जिले के युवा मोर्चा के नेता के परिवार का युवक होने का दावा किया जा रहा है। उसके वाहन के साथ बड़ी संख्या में अन्य वाहन हैं। युवक के वाहन के साथ उसके समर्थक आदि भी अन्य वाहनों में सवार हैं।
एक अन्य कार में भी खिड़की से बाहर निकलकर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। वाहन सवारों के पास तिरंगा है। इससे तिरंगा झंडा यात्रा के दौरान का वीडियो होने की आशंका है। नंबर प्लेट गौतमबुद्ध नगर का है। इसके चलते वीडियो और सवार जिले का होने का दावा किया जा रहा है। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन सूत्रों ने दावा किया है कि वाहन जिले के भाजपा नेता का है लेकिन आरसी उनके नाम नहीं है।
वाहन पर सवार युवक गौतमबुद्ध नगर का नहीं है और न ही युवा मोर्चा की नोएडा-ग्रेटर नोएडा की कार्यकारिणी में है। -राज नागर, जिलाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा