Greater Noida: यूपी रेरा ने 13 बिल्डरों पर लगाया 1.39 करोड़ का जुर्माना, यहां जाने किस पर क्या हुई कार्रवाई
यूपी रेरा ने आदेशों का पालन नहीं करने पर 13 बिल्डरों पर कार्रपाई की है। यूपी रेरा की 115वीं बैठक में हुई सुनवाई में सबसे ज्यादा शिकायत एनसीआर के बिल्डरों की सामने आई। इसके साथ ही लखनऊ की भी शिकायते मिली।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने आदेशों का पालन नहीं करने पर 13 बिल्डरों पर 1.39 करोड़ का जुर्माना लगाया है। मंगलवार को यूपी रेरा की 115वीं बैठक में यह कार्रवाई की गई है। इनमें से ज्यादातर बिल्डर एनसीआर के हैं। यूपी रेरा ने 15 दिन के अंदर लंबित आदेशों का पालन करने और 30 दिन के अंदर जुर्माने की धनराशि जमा करने का आदेश दिया है। ऐसा नहीं करने पर आरसी जारी कर वसूली की जाएगी।
यूपी रेरा के सचिव राजेश कुमार त्यागी ने बताया कि मंगलवार को लखनऊ में यूपी रेरा की 115वीं बैठक हुई। जहां बिल्डरों के 22 मामलों पर सुनवाई हुई। ज्यादातर शिकायतें प्रोजेक्ट पंजीकरण, पंजीकरण विस्तार और मॉडल एग्रीमेन्ट फॉर सेल का पालन नहीं करने से जुड़ी थी। जबकि सबसे अधिक शिकायतें गौतमबुद्ध नगर और लखनऊ की थी। जिनका निस्तारण कराया गया है। वहीं यूपी रेरा में अभी तक करीब 47790 शिकायतें दर्ज हो चुकी है। इनमें से लगभग 42700 का निस्तारण हो चुका है, लेकिन बिल्डर काफी आदेशों का पालन नहीं कर रहे है। बैठक में आदेशों का पालन नहीं होने की भी समीक्षा की गई।
इन बिल्डरों पर लगाया गया है जुर्माना
बिल्डर जुर्माना धनराशि (रुपये में)
सिक्का इंफ्रास्ट्रक्चर 22,77,220
गार्डेनिया इंडिया 26,06,040
हेबे इंफ्रास्ट्रक्चर (महागुन ग्रुप) 12,02,030
पार्श्वनाथ डेवलपर्स 12,72,540
शुभ एडवाइजर्स 1,07,485
सॉलिटेयर इंफ्राहोम्स 8,06,400
सुपरटेक टाउनशिप प्रोजेक्ट्स 8,73,730
उप्पल चड्ढा हाईटेक डेवलपर्स 6,96,595
अजनारा रियलटेक 5,61,165
एटीएस रियलटी 7,53,080
महागुन (इंडिया) 8,41,190
लक्ष्य रियलइंफ्रा 7,16,280
कैपिटल इंफ्राटेक होम्स 12,24,035