Twin Towers Blast : धूल हटने तक बंद रहेगा एक्सप्रेसवे पर आवागमन, गूगल मैप पर भी दिखेगा डायवर्जन
Twin Towers Blast : इससे ठीक 15 मिनट पहले एक्सप्रेसवे पर डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। नोएडा एक्सप्रेसवे पर ब्लास्ट के बाद धूल हटने तक वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार शाम इसके लिए डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुपरटेक बिल्डर के ट्विन टावर को दोपहर करीब 2:30 बजे गिराया जाएगा। इससे ठीक 15 मिनट पहले एक्सप्रेसवे पर डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। नोएडा एक्सप्रेसवे पर ब्लास्ट के बाद धूल हटने तक वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार शाम इसके लिए डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। लोग गूगल मैप का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। इस पर ट्विन टावर व एक्सप्रेसवे पर डायवर्जन की व्यवस्था को अपडेट किया गया है।
ट्विन टावर को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर डायवर्जन लागू कर दिया गया है। रविवार सुबह सात बजे से इन मार्गों पर और सख्ती बरती जाएगी। सात बजे के बाद ट्विन टावर की तरफ किसी को नहीं जाने दिया जाएगा। हालांकि, टावर के आसपास की दो सोसाइटी एटीएस विलेज व एमराल्ड कोर्ट में रहने वाले लोगों को बाहर आने की इजाजत होगी। दोनों सोसाइटी में कुल 40 टावर और चार विला हैं। प्रेसवार्ता में पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में डीसीपी सेंट्रल राजेश एस, डीसीपी ट्रैफिक गणेश प्रसाद साहा और एसीपी-दो रजनीश वर्मा ने ट्रैफिक प्लान जारी करते हुए व्यवस्था की जानकारी दी।
हेल्प डेस्क होगी स्थापित
सोसाइटी के पास लोगों के मदद के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। लोगों की हर तरह से मदद की जाएगी। किसी भी समस्या के लिए लोग अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे।
फायर टेंडर व पुलिस बल की तैनाती
ट्विन टावर के आसपास 400 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा एनडीआरएफ की एक टीम और चार फायर टेंडर मौजूद रहेंगे। सभी शनिवार शाम तक पहुंच जाएंगे।
आज शाम तक खाली हो जाएंगी सोसाइटी
एटीएस विलेज और एमराल्ड सोसाइटी में रहने वाले सभी लोग शनिवार शाम तक घर खाली कर देंगे। इसके बाद भी कोई रह जाता है तो रविवार सुबह सात बजे तक का समय दिया जाएगा, ताकि वह सकुशल बाहर निकल सके।
दोनों सोसाइटी में पांच-पांच गार्ड दोपहर तक रहेंगे
एटीएस विलेज और एमराल्ड कोर्ट परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से पांच-पांच सुरक्षा गार्ड और दो-दो एओए के सदस्य दोपहर 1:30 बजे तक मौजूद रहेंगे। इसके बाद करीब 1:40 बजे सभी को पुलिस ब्लास्ट से पहले बाहर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा देगी।
2600 वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग
पुलिस ने दोनों सोसाइटी के करीब 2600 वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग की योजना बनाई है। इन वाहनों के लिए बाटेनिकल गार्डन स्थित मल्टीलेवल पार्किंग और नया बस अड्डा में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां सोसाइटी के लोग अपने वाहनों को खड़ी कर सकेंगे।
इमरजेंसी वाहनों के लिए स्पेशल कॉरिडोर
सभी डायवर्जन वाले प्वाइंट से इमरजेंसी वाहन, एंबुलेंस को सकुशल निकाला जाएगा। इसके लिए स्पेशल कॉरिडोर तैयार किया जाएगा।
यहां होगा सुबह सात बजे से पूर्ण डायवर्जन
- एटीएस तिराहे से गेझा फल, सब्जी मंडी तिराहे तक और एल्डिको चौक से सेक्टर-108 की ओर डबल मार्ग व सर्विस रोड पर डायवर्जन रहेगा।
- श्रमिक कुंज चौक से सेक्टर-92 रतिराम चौक तक डबल मार्ग। श्रमिक कुंज चौक से सेक्टर-132 की ओर फरीदाबाद फ्लाईओवर। सेक्टर-128 से श्रमिक कुंज चौक से फरीदाबाद फ्लाईओवर तक।
एक्सप्रेसवे पर डायवर्जन
- नोएडा से ग्रेनो एक्सप्रेवे व यमुना एक्सप्रेसवे की तरफ जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37, सिटी सेंटर व सेक्टर-71, फिल्म सिटी फ्लाईओवर से एलिवेटेड रोड होकर और ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर फरीदाबाद फ्लाईओवर से पहले सेक्टर-82 कट के सामने सर्विस रोड को पूर्ण रूप से बंद किया जाएगा। वाहन चालक गेझा तिराहे से फेज दो की तरफ जा सकेंगे।
- ग्रेनो से नोएडा, दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को परी चौक से सूरजपुर, यामाहा कट, फेज दो, बिसरख, किसान चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- यमुना एक्सप्रेसवे, ग्रेनो से नोएडा, दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को सेक्टर-132 के अंदर पुस्ता रोड होकर गंतव्य की तरफ भेजा जाएगा।
बारिश न हवा अब भगवान भरोसे सेहत
ट्विन टावर के आसपास रहने वाले लोगों के मन में एक ही सवाल है कि ब्लास्ट के बाद धूल को कैसे कम किया जाएगा। वहीं, कुदरत भी पल्ला झाड़ते हुए दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को शहर का मौसम शुष्क रहेगा। इससे बारिश की संभावना नहीं है। हवा की गति भी सिर्फ 10 से 15 किमी तक ही रहने के आसार हैं। ऐसे में धूल धीरे-धीरे आगे बढ़ेगी। हवा का रुख पूर्व से पश्चिम की ओर रहेगा। इस कारण गाजियाबाद, बुलंदशहर व अन्य कई इलाके इसकी चपेट में आ सकते हैं। बारिश नहीं होने से प्रदूषण पर लगाम लगाना बेहद मुश्किल हो सकता है। वहीं, नोएडा के पूर्व में पड़ने वाले क्षेत्र भी इससे काफी हद तक प्रभावित हो सकते हैं। इससे लोगों की सेहत पर असर पड़ सकता है। कई दिनों तक हवा की गति धीमी रहने से मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रहने की संभावना है।
ट्विन टावर के एक नॉटिकल माइल में नहीं उड़ेंगे विमान
ट्विन टावर के आसपास एक नॉटिकल माइल यानी 1.852 किमी के दायरे में विमान नहीं उड़ सकेंगे। इस बाबत एक पत्र नोएडा प्राधिकरण को मिला है। इसे सिविल एविएशन मिनिस्ट्री से भेजा गया है। ट्विन टावर के आसपास नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है। इस बाबत सुपरटेक की ओर से प्राधिकरण और एयरफोर्स के अलावा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को पत्र भेजा गया था।