नोएडाः 10 हजार फ्लैटों की रजिस्ट्री पर आज हो सकता है फैसला, बकाया चुकाने का आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा। शहर की 18 बिल्डर परियोजनाओं में करीब 10 हजार फ्लैटों पर कब्जा तो मिल गया है, लेकिन फ्लैट मालिकों के नाम रजिस्ट्री नहीं हुई है। प्राधिकरण का करीब 2851 करोड़ रुपया बकाया होने की वजह से रजिस्ट्री में पेच फंसा हुआ है। हजारों फ्लैट खरीदारों की इस समस्या के समाधान के लिए शनिवार को मुख्य सचिव आरके तिवारी व अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार खुद नोएडा के सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में समीक्षा बैठक करेंगे। जिसमें प्राधिकरण के अधिकारी, बिल्डर, खरीदार और खरीदारों की एसोसिएशन अपना पक्ष रखेंगे।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी शुक्रवार को दिनभर इसकी तैयारियों में जुटे रहे। बिल्डरों पर बकाये का रिकॉर्ड खंगाला गया। साथ ही, बिल्डरों की अधूरी और पूरी परियोजनाओं की जानकारी भी एकत्र की गई है । प्राधिकरण के अधिकारी अपना पक्ष रखेंगे। वहीं, बिल्डर प्रेजेंटेशन के माध्यम से फ्लैटों की रजिस्ट्री का पूरा रोडमैप बताएंगे। जबकि एओए के प्रतिनिधि फ्लैट खरीदारों को बिना रजिस्ट्री हो रही परेशानी से अवगत कराएंगे।
प्राधिकरण दे चुका है कार्रवाई की चेतावनी
इससे पहले तीन मार्च को नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने ग्रुप हाउसिंग के डिफाल्टर बिल्डरों के साथ बैठक की थी। जिसमें 18 में से केवल 8 बिल्डर प्रतिनिधि शामिल हुए थे। जिन फ्लैटों पर कब्जा दिया जा चुका है, उनकी रजिस्ट्री एक माह में व अन्य फ्लैटों की रजिस्ट्री तीन माह के अंदर कराने के दिशानिर्देश दिए गए थे। तय समय सीमा में रजिस्ट्री न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। एकमुश्त रकम जमा करने में असमर्थता जाहिर करने पर सिंगल फ्लैट तक का बकाया चुकाकर रजिस्ट्री शुरू करने का विकल्प भी दिया जा चुका है।
इन परियोजनाओं में फंसा है पेच
सुपरटेक केपटाउन सेक्टर-74, सुपरटेक सेक्टर-137, एम्स गार्डेनिया, अंतरिक्ष, प्रतीक, पैन ओसिस, प्रतीक ग्रेट वैल्यू, जेएम इंफ्रा, अजनारा, लॉजिक्स, सनसाइन, जेएम इंफ्रा, अजनारा, स्काईटेक, सनवर्ल्ड, डिवाइन इंडिया व अन्य।
अधूरी परियोजनाओं पर भी होगा मंथन
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में बिल्डरों की अधूरी परियोजनाओं पर भी मंथन किया जाएगा। आम्रपाली, जेपी सहित बड़ी बिल्डर परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
अधूरे प्रोजेक्ट पूरा कराने को निकल सकता है रास्ता
ग्रेनो-यीडा सिटी में फंसे हैं 25 हजार से अधिक फ्लैट
प्रदेश के मुख्य सचिव आरके तिवारी नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यीडा एरिया में फंसे फ्लैट खरीदारों को पजेशन दिलाने का शनिवार को रास्ता निकालेंगे। ग्रेटर नोएडा और यीडा सिटी एरिया में 25 हजार से अधिक फ्लैट फंसे हुए हैं। फ्लैट खरीदार लंबे समय से इंतजार ही कर रहे हैं। कोई रास्ता नहीं निकल रहा।
ग्रेटर नोएडा-ग्रेनो वेस्ट मिलाकर करीब 12 प्रोजेक्ट ऐसे हैं, जिनके पजेशन की तिथि भी निकल गई है, लेकिन वे बनने शुरू भी नहीं हुए हैं। इनमें करीब 22 हजार फ्लैट खरीदारों ने अपनी गाढ़ी कमाई लगा रखी है। इनके लिए प्राधिकरण भी कोई रास्ता नहीं निकाल पा रहा। ये बिल्डर प्राधिकरण की किस्त भी नहीं दे रहे। कुछ के खिलाफ प्राधिकरण ने एफआईआर भी दर्ज करा दी है। इनके खरीदार उम्मीद कर रहे हैं कि मुख्य सचिव आरके तिवारी उनकी पीड़ा को समझेंगे और उन प्रोजेक्ट को पूरा कराने का रास्ता निकालेंगे।
यमुना प्राधिकरण एरिया में भी तीन से चार प्रोजेक्ट फंसे हुए हैं। ये कब तक पूरे होंगे, इसका पता नहीं है। इनमें करीब तीन हजार फ्लैट खरीदार हैं। आज (शनिवार) सुबह 10.30 बजे मुख्य सचिव नोएडा आएंगे। वे खरीदारों की पीड़ा सुनेंगे और बिल्डरों व प्राधिकरण से बात करके रास्ता निकालेंगे। इससे पहले सुपर स्पेशियलिटी बाल चिकित्सालय से जुड़ी बैठक में शामिल होंगे।