नूंह। यासीन मेव डिग्री कॉलेज में मंगलवार को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह बडे़ ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्यातिथि प्रदेश की राज्यमंत्री कमेलश ढांडा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के बलिदान को याद कर उन्हें नमन किया। इस दौरान कमलेश ढांडा ने कहा कि मेवात की इस पावन भूमि पर तिरंगा फहराकर उन्हें गर्व हो रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों, सेवारत और भूतपूर्व सैनिकों आदि जवानों पर नाज है। आजादी की लड़ाई में हरियाणा का अहम योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिससे दुनिया में भारत मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ‘सुशासन से सेवा का संकल्प’ लेकर आई है। लेकिन, जब तक सरकारी तंत्र में आमूल-चूल परिवर्तन नहीं होंगे, तब तक ‘सुशासन से सेवा का संकल्प’ भी पूरा नहीं होगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से झांकियां भी निकाली गईं। इसमें प्रथम स्थान जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, दूसरा स्थान जन स्वास्थ्य विभाग और तीसरा स्थान उद्यान विभाग की झांकी ने हासिल किया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में म्यूजिकल सूर्य नमस्कार ने लोगों का खासा मन मोहा।