फिरोजपुर झिरका। उपमंडल के गांव काला खेड़ा में दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर गर्भवती विवाहिता राहिला की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और पीड़ित पिता की शिकायत पर ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मूहर खान निवासी सदेही ने बताया कि उसकी बेटी राहिला का निकाह 3 वर्ष पूर्व तालीम पुत्र जलालुद्दीन निवासी कालाखेड़ा झोपड़ी साकरस के साथ हुआ था। निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों ने राहिला को दहेज कम लाने के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। तालीम द्वारा लगभग 60 हजार रुपये की मांग की गई थी। उस मांग को भी बेटी की खुशी के लिए पूरा कर दिया, लेकिन ससुराल वाले दहेज कम लाने के लिए लगातार बेटी को परेशान करते रहे। इसी दौरान उनकी बेटी राहिला ने एक बच्चे को जन्म दिया और दूसरे बच्चे की मां बनने वाली थी लेकिन, ससुराल पक्ष के लोगों ने मंगलवार को उनकी बेटी की हत्या कर दी। इसकी जानकारी बुधवार सुबह अजरुद्दीन ने दी। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ दहेज, हत्या आदि विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपी फरार है।