तावडू। सदर थाना पुलिस ने तस्करों के चंगुल से एक गोवंश को मुक्त कराकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान डालाबास निवासी ताहिर व साहिल और फरुखनगर निवासी राहुल तथा मनजीत के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों से एक पिकअप और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि ताहिर व साहिल और फरुखनगर निवासी राहुल तथा मनजीत गो तस्करी करते हैं। जो पिकअप में गोवंश भरकर केएमपी मार्ग धुलावट टोल प्लाजा से उतरकर सीलखो होते हुए राजस्थान चुहड़पुर जाएंगे। इनके साथ एक मोटरसाइकिल पायलट के रूप में आगे चल रही है। यदि धुलावट टोल प्लाजा के नजदीक नाकेबंदी की जाए तो सभी को काबू किया जा सकता है। 10-15 मिनट बाद एक पिकअप और मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन, आरोपी पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। इस दौरान बाइक पर सवार एक तस्कर गिर गया, जिसे पुलिस जवानों ने काबू कर लिया। वहीं, पिकअप गाड़ी को भी रुकवा लिया गया। पुलिस ने चारों तस्करों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान डालाबास निवासी ताहिर व साहिल और फरुखनगर निवासी राहुल तथा मनजीत के रूप में हुई। सदर थाना पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।