पिनगवां। हरियाणा विधानसभा के उपनेता और नूंह विधायक आफताब अहमद ने मंगलवार देर शाम नूंह सचिवालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) देवेंद्र सिंह के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव के सामने दुबालू माइनर, मेवात कैनाल, कोटला लेक, बादली परियोजना, राजीव गांधी पेयजल योजना, सेम ग्रस्त गांवों आदि के मामले उठाए। वहीं, विधायक ने सेम ग्रस्त गांवों हुसैनपुर, बाबूपुर, उजीना, रायपुरी, धांदुका, सुड़ाका, गोलपुरी, टेड़कपुर आदि गांवों के नाम पत्र में लिखकर उन्हें सौंपे। इस पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने तुरंत समाधान करवाने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि हजारों एकड़ भूमि खराब हो रही है, जिसका तुरंत समाधान निकाला जाए।
आफताब अहमद ने बताया कि बैठक में उन्होंने कोटला झील के कार्य को पूरा करने का मामला उठाया। इस पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बारिश के बाद कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया। मेवात की पुरानी मांग दुबालू माइनर के आगामी निर्माण का मामला उठाते हुए विधायक ने कहा कि 2014 के बाद इस पर कोई काम नहीं हुआ है। मेवात कैनाल का भी मुख्यमंत्री शिलान्यास कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई काम नहीं हुआ। इस कार्य को प्राथमिकता पर किए जाने की आवश्यकता है। इसके अलावा राजीव गांधी पेयजल योजना में पूरा पानी नहीं मिलने का मामला उठाया। उन्हें आश्वस्त किया गया कि मामला जल्द सुलझा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा इलाके में आईबीएस टैंक निर्माण, जयसिंहपुर गांव सहित एक दर्जन गांवों से पानी निकासी मामले और मेवली से जुड़े मुद्दों को भी उठाया था। उन्होंने कहा कि अगले माह यहां पंप लग जाएंगे। आफताब अहमद ने उम्मीद जताई कि उठाए गए मामलों पर जल्द कार्रवाई होगी। इस मौके पर उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह और विधायक चौधरी मोहम्मद इलियास, चौधरी इंजीनियर मामन खान मौजूद रहे