ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कस्बे में परचून की दुकान चलाने वाले एक दंपती में रविवार को किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद पति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला ने पुलिस को जानकारी दी कि पति ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। वहीं, मृतक के भाई का कहना है कि रविवार को हुई घटना के बाद उन्हें सूचना नहीं दी गई। किसी परिचित ने उन्हें यह जानकारी दी। उन्होंने शव को फंदे पर लटका नहीं देखा। वहीं, शरीर पर खरोंच आदि के निशान देखकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि चर्चा यह भी है कि दंपती में विवाद संतान नहीं होने को लेकर हुआ था। विवाह को दस वर्ष हो चुके हैं।
मूलरूप से प्रयागराज निवासी पवन यादव ने बताया कि उसका भाई सुवालाल यादव देवला गांव की एक कॉलोनी में पत्नी के साथ रहता था। घर के पास ही उनकी परचून की दुकान है। सुवालाल रविवार रात करीब दस बजे दुकान बंद कर घर गया था। इसके बाद पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद संदिग्ध हालात में सुवालाल की मौत हो गई। पुलिस ने सूचना पर जांच पड़ताल की तो मृतक की पत्नी ने बताया कि मामूली विवाद के बाद सुवालाल ने कमरा बंद कर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।