ग्रेटर नोएडा: यूपी रेरा की निगरानी में पूरा होने लगा खरीदारों का सपना
- ग्रेनो वेस्ट के गायत्री ओरा के दो और मेरठ के द ग्रैंड प्रोजेक्ट का एक टावर तैयार
- दो साल पहले पीठ ने सख्ती अपनाकर शुरू कराया था परियोजना का निर्माण कार्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) की निगरानी में ग्रेनो वेस्ट के गायत्री ओरा के दो और मेरठ के द ग्रैंड प्रोजेक्ट के एक टावर का काम पूरा हो चुका है। जहां करीब 325 खरीदारों में कुछ को कब्जा मिल चुका है। वहीं, कुछ को जल्द मिल जाएगा। इन परियोजनाओं का निर्माण लंबे समय से बंद था। खरीदारों की शिकायत पर यूपी रेरा ने करीब दो साल पहले निर्माण कार्य शुरू कराया था। खरीदारों का कहना है कि यूपी रेरा की निगरानी में उनका सपना पूरा होने लगा है।
ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर एक में गायत्री ओरा प्रोजेक्ट है। खरीदारों ने यूपी रेरा में शिकायत कर पैसा वापस दिलाने की मांग की थी। यूपी रेरा की पीठ दो ने शिकायतों को कंसिलिएशन फोरम के पास भेजा था। फोरम ने बिल्डर और खरीदारों के बीच कई दौर की वार्ता कराई। इसके बाद बिल्डर प्रोजेक्ट का निर्माण करने को तैयार हुआ। बिल्डर ने सितंबर, 2020 तक प्रोजेक्ट के 11 में से चार टावर को पूरा करने की कार्य योजना दी।
बिल्डर ने एस्क्रो अकाउंट में 20 करोड़ रुपये भी जमा कराया था। कोरोना और लॉकडाउन के कारण समय पर काम पूरा नहीं हो सका। यूपी रेरा की सीमित निर्माण कार्य पर नजर रख रही थी।
अब प्रोजेक्ट के दो टावर का निर्माण पूरा हो चुका है। बिल्डर ने प्राधिकरण में ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट का आवेदन करने के साथ खरीदारों को कब्जा लेने का ऑफर दे दिया है। रेरा के अफसरों ने बताया कि बाकी दो टावर का निर्माण भी दिसंबर, 2021 व जून, 2022 तक पूरा हो जाएगा। अभी प्रोजेक्ट में 272 खरीदार हैं। इन सभी को कब्जा मिल जाएगा।
प्रोजेक्ट में शुरू हो गई रजिस्ट्री
मेरठ में प्रोव्यू ऋषभ इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड का द ग्रैंड प्रोजेक्ट है। यहां पर तीन टावर हैं। प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य बंद था। यूपी रेरा की निगरानी में वर्ष 2019 में काम शुरू हुआ। प्रोजेक्ट के स्टूडियो नाम के टावर में 144 यूनिट हैं। यह टावर पूरा हो गया है। खरीदारों को कब्जा मिल गया है। रजिस्ट्री भी हो रही है। वहीं, बाकी दो टावर रिगालिया और ऑनेट का निर्माण कार्य भी 70 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। तीन से चार माह में बाकी खरीदारों को भी कब्जा मिलना शुरू हो जाएगा।
पांच से अधिक परियोजनाओं में चल रहा निर्माण
यूपी रेरा अधूरी परियोजनाओं को पूरा कराने को प्राथमिकता दे रहा है। यही कारण है कि एक साल के अंदर यूपी रेरा ने बिल्डर और खरीदारों की सहमति पर कई प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य शुरू कराया है। इनमें जेपी एसोसिएट्स के नाइट कोर्ट और कैलिप्सो कोर्ट समेत अन्य प्रोजेक्ट शामिल हैं। कुछ और परियोजनाओं पर खरीदार और बिल्डरों के साथ वार्ता चल रही है।
यूपी रेरा की निगरानी में कई परियोजनाओं का निर्माण कार्य चल रहा है। दो प्रोजेक्ट में कुछ टावर का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वहां कब्जा दिया जा रहा है। बाकी प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा होगा। - आरडी पालीवाल, कंसिलिएटर, कंसिलिएशन फोरम, यूपी रेरा