ग्रेनो में 23वीं मंजिल से गिरकर पिता-पुत्र की मौत: बालकनी से तोड़ रहे थे फूल, बेटा के बाद युवक फिसला
महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार सुबह रणदीप पात्रा (40) व उनके 11 वर्षीय बेटे आरव की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। वे पूजा के लिए फूल तोड़ने सीढ़ी पर गए थे, जहां पैर फिसलने से पिता-पुत्र नीचे गिरे। दोनों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा की बिसरख कोतवाली क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में पिता और 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। बच्चा बालकनी के पास लगे फूल पूजा के लिए तोड़ने के लिए गया था। इसी दौरान सीढ़ी से उसका पैर फिसल गया। वहीं उसे बचाने के दौरान पिता भी फिसल गया। फिसलकर दोनों नीचे गिर गए। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे सोसायटी में टावर की 23वीं मंजिल पर हुआ। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि महागुन मायवुड्स सोसायटी की टावर की 23वीं मंजिले से दो लोग ऊंचाई से गिर गए हैं। सूचना मिलते ही बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वहां रणदीप पात्रा (40) और उनका 11 वर्षीय बेटा आरव अचेत अवस्था में मिले। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रणदीप पात्रा को शुक्रवार सुबह परिवार के साथ खाटू श्याम मंदिर जाना था। इसके लिए परिवार को सुबह जल्दी निकलना था। मंदिर जाने से पहले पूजा की तैयारी के लिए पिता-पुत्र बालकनी के पास लगे फूल तोड़ने गए थे। बताया जा रहा है कि फूल तोड़ने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान सीढ़ी से पैर फिसलने के कारण दोनों बालकनी से नीचे गिर गए। ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को हादसे की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। बिसरख कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे की खबर से सोसायटी के लोग भी स्तब्ध हैं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।