{"_id":"65120dcf26ffdfe528051956","slug":"bumper-purchase-of-handicraft-products-75-thousand-export-orders-received-2023-09-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का समापन: हस्तशिल्प उत्पादों की बंपर खरीदारी, 75 हजार निर्यात के ऑर्डर मिले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का समापन: हस्तशिल्प उत्पादों की बंपर खरीदारी, 75 हजार निर्यात के ऑर्डर मिले
Tue, 26 Sep 2023 04:16 AM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा
अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा
Published by: विजय पुंडीर
Updated Tue, 26 Sep 2023 04:16 AM IST
सार
यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तर प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक विरासत के साथ ही खान-पान, वेशभूषा, पर्यटन और प्रमुख उत्पादों की झलक देखने को मिली। प्रदर्शनी के पहले दिन से अंतिम दिन तक आने वाले लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ।
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में खरीदारी करती युवतियां
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 21 से 25 सितंबर तक चले अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में तीन लाख से भी अधिक लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचे। उपभोक्ताओं का सबसे ज्यादा फोकस प्रदेश के हस्तशिल्प, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों को लेकर देखने को मिला। सबसे खास बात यह रही कि 75 हजार से ज्यादा निर्यात के ऑर्डर भी प्रदर्शकों को प्राप्त हुए। ट्रेड शो के जरिए प्रदेश के हस्तशिल्प और लघु उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय फलक पर पहचान दिलाने के लिए सीएम योगी के प्रयास को सफल होने का दावा किया गया है।
विज्ञापन
यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तर प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक विरासत के साथ ही खान-पान, वेशभूषा, पर्यटन और प्रमुख उत्पादों की झलक देखने को मिली। प्रदर्शनी के पहले दिन से अंतिम दिन तक आने वाले लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ। पहले दिन कम संख्या में दर्शक आए। दूसरे दिन 48000 लोग प्रदर्शनी में पहुंचे। ट्रेड शो में सबसे अधिक भीड़ हॉल नंबर 9, 10, 11, 12, 14 और 15 में हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल पर रही। लोगों ने कपड़ों और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की भी जमकर खरीदारी की। प्रदर्शकों ने कपड़ों की बिक्री पर छूट भी दी। ट्रेड शो के तीसरे दिन 70 हजार, चौथे दिन 88 हजार से अधिक लोग पहुंचे। अंतिम दिन लोगों की संख्या 90 हजार के पार पहुंचने का दावा किया गया।
विज्ञापन
ट्रेड शो में 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए। इनमें प्रदेश भर से आई करीब 300 महिला उद्यमियों ने भी हिस्सा लिया। जिन महिलाओं ने उत्तर प्रदेश सरकार के उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अपना छोटा व्यापार स्थापित किया है, उन्हें भी यहां पर मौका दिया गया। व्यापार मेले में 60 देशों के 500 विदेशी बायर्स ने हिस्सा लिया। इन्होंने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया।
विज्ञापन
शिल्पकारों और प्रदर्शकों ने जताई खुशी
गुलाबी मीनाकारी उद्योग से जुड़े नेशनल अवॉर्डी शिल्पकार तरुण कुमार सिंह ने बताया कि पहली बार इतने व्यवस्थित ढंग से उन्हें अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का मौका मिला है। उन्होंने बताया कि बिक्री के अलावा साढ़े चार लाख के करीब ऑर्डर मिले हैं। आजगमढ़ से ब्लैक पॉटरी लेकर आए प्रदर्शक विकास प्रजापति ने भी अच्छी खरीददारी और ऑर्डर मिलने की बात कही। नई दिल्ली से आईं अमीषा ने बताया कि यहां हस्तशिल्प और अन्य तरह के विभिन्न उत्पादों को खरीदने का मौका मिला। उन्होंने हर्बल प्रोडक्ट की खरीदारी की।