आईटीआई के छात्रों ने किया पानी की बर्बादी रोकने के लिए जागरूक
नगीना। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नगीना के विद्यार्थियों ने एक अभियान के तहत आईटीआई से बड़कली चौक तक रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान जल बचाओ-जीवन बचाओ, जल है अनमोल, जल है तो कल आदि नारे लगाकर जन चेतना जगाई गई। छात्र वसीम, सगीर, शाद ने बताया कि मेवात में पानी की बहुत किल्लत है। गर्मी इतनी है कि लोगों को टैंकरों से पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है। मवेशियों के लिए गांवों में पानी नहीं है, तालाब सूखे पड़े हैं। आईटीआई नगीना के वरिष्ठ शिक्षक रतन लाल का कहना है कि तीन दर्जन के करीब गांवों के छात्र यहां पढ़ते हैं। इन्हें पानी की बचत के बारे में लगातार जागरूक किया जा रहा है ताकि वो अपने-अपने गांवों में जाकर ग्रामीणों को सचेत करें और जल की बर्बादी रोके। अभियान के कार्यकर्ता नसीम अहमद, सुबेदार खान ने बताया कि पिछले एक दशक से गांवों और सरकारी संस्थानों में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने मेवात के तालाबों में मवेशियों के लिए पानी भरने का वायदा किया था। जो अधूरा है। लोग मजबूरी में टैंकरों का पानी ही मवेशियों को पिलाते हैं और उसी पानी को पीते हैं। इस अवसर पर नदीम, सलीम, सद्दाम, वाजिद,समीम समेत आईटीआई के छात्र व शिक्षक मौजूद रहे।