फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   जुनैद चाकूबाजी

जुनैद चाकूबाजी

Sat, 24 Jun 2017 08:19 PM IST
Updated Sat, 24 Jun 2017 08:19 PM IST
विज्ञापन
जुनैद चाकूबाजी

विज्ञापन
ईद की खरीदारी कर लौट रहे युवक की ईएमयू में हत्या का मामला:

‘सरकार की तरफ से नहीं आया कोई पूछने’
- एसपी जीआरपी से मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जताई नाराजगी
- 29 जून को मुख्यमंत्री और रेलमंत्री से मिलकर उठाएंगे सुरक्षा का मुद्दा

अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। मथुरा-गाजियाबाद ईएमयू में बृहस्पतिवार रात एक विशेष समुदाय के युवक की हत्या करने व तीन युवकों को घायल करने के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन ने की है। शनिवार को एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल मृतक के परिजनों को साथ लेकर जीआरपी के पुलिस अधीक्षक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अभी तक सरकार की तरफ से किसी मंत्री, विधायक व वरिष्ठ अधिकारी ने पीड़ित परिवार की सुध नहीं ली है। इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी किसी ने आकर सांत्वना तक नहीं दी है।
मृतक के परिजनों व मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन पलवल के प्रधान हाजी यूूनुस अहमद ने सरकार से मांग की है कि मृतक के परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी दिलवाई जाए और आर्थिक सहायता दी जाए। एसोसिएशन के अध्यक्ष के नेतृत्व में मिले इस प्रतिनिधिमंडल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। हाजी यूनुस अहमद ने एसपी को बताया कि इस वारदात से पहले भी एक बार जमात के लोगों के साथ असावटी स्टेशन पर ही मारपीट की गई थी। उनकी टोपियां उतारकर उन्हें बेइज्जत किया गया था, लेकिन उस समय भी समाज के लोगों ने जमात व युवाओं को समझाकर आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए समझा दिया था। उन्होंने कहा कि यदि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो 29 जून को पलवल में मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि ट्रेनों में मुस्लिम समाज के साथ ऐसी वारदात न हो, इसके लिए सुरक्षाकर्मी तैनात करने की मांग रेल मंत्री से उठाई जाएगी। हाजी यूनुस अहमद ने बताया कि वारदात में घायल मोहसीन की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उसे एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप ने आश्वासन दिया कि दो दिन के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
विज्ञापन


-----------------------------------------------------------------------------------
फोटो
सांप्रदायिक इरादों से किया गया हमला: सीपीआईएम
- पोलिट ब्यूरो सदस्य वृंदा करात व राज्यसभा सांसद मोहम्मद सलीम पहुंचे खंदावली गांव

अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़। सीपीआईएम की पोलिट ब्यूरो सदस्य वृंदा करात पार्टी के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ शनिवार को खंदावली गांव पहुंचीं। उनके साथ राज्यसभा सांसद मोहम्मद सलीम भी पीड़ित परिवार के घर संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह हादसा दो गुटों के आपसी झगड़े का परिणाम नहीं, बल्कि सांप्रदायिक इरादों के साथ आपराधिक तत्वों द्वारा किए गए हमले का नतीजा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

शोक संतप्त परिवार और गांव के लोगों से मिलने के बाद माकपा नेतृत्व ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। करात ने कहा कि खेद की बात है, कुछ लोग इस घटना को दो गुटों का झगड़ा बनाकर पेश करने की कोशिश कर रहे हैं जबकि सच्चाई यह है कि यह बिना किसी उकसावे के कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा मासूम लोगों पर किया गया एकतरफा हमला है। देश और प्रदेश की सत्तासीन भाजपा द्वारा नफरत की राजनीति को जिस तरह से प्रोत्साहन दिया जा रहा है, उससे इस तरह के आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शर्म की बात है कि ऐसी जघन्य वारदात के बावजूद सरकार और प्रशासन का कोई भी प्रतिनिधि पीड़ित परिवार को सांत्वना देने तक नहीं पहुंचा है।
पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने इस हमले में संलिप्त सभी अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने, घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करने और पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है। पार्टी नेतृत्व ने तमाम देशप्रेमी, सद्भाव प्रेमी नागरिकों, जनसंगठनों एवं राजनैतिक दलों से अपील की है कि वे नफरत की राजनीति के खिलाफ और न्याय के लिए प्रतिरोध संगठित करते हुए सांप्रदायिक सौहार्द की रक्षा करें। इस दौरान राज्य सचिव कामरेड सुरेंद्र सिंह, राज्य कमेटी सदस्य सतवीर सिंह, जिला सचिव शिव प्रसाद, विजय झा, निरंतर नवन सिंह, नौजवान सभा के राज्य सचिव संदीप सिंह मौजूद थे।

दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग
स्वराज पार्टी के रमजान चौधरी, शेर मोहम्मद, इनेलो की नेता शशिबाला तेवतिया, नूंह मदरसे के सदर मुफ्ती जाहिद हुसैन सहित और जमियत उलेमा ए हिंद के प्रदेशाध्यक्ष मोहम्मद खलीद कासमी, मौलाना नसीम कासमी, मौलाना शौकत, मौलाना जमालुद्दीन सहित कई लोग खंदावली गांव स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और सरकार से दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की।

डीसीपी ने जताई संवेदना
दोपहर बाद मृतक के परिवार से मिलने डीसीपी विष्णुदयाल शर्मा भी पहुंचे। उन्होंने मृतक के पिता से मुलाकात कर अपनी संवदेना जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ है। हर हाल में पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से मामले में शांति व धैर्य बनाएं रखने की अपील की।

-----------------------------------------------------------------------------
फोटो
बाजूओं पर काली पट्टी बांधकर मनाएंगे काली ईद
- राजस्थान और मेवात की कई सामाजिक संस्थाओं ने लिया फैसला

पुन्हाना।
ईएमयू में बृहस्पतिवार को चाकू से किशोर जुनेद की हुई हत्या के विरोध में शनिवार को नूंह में एक बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता मेव पंचायत राजस्थान के सदर शेर मोहम्मद ने की। इस मौके पर कई सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, समाजसेवी, एडवोकेट और प्रमुख लोगों ने भाग लिया। करीब दो घंटे तक चली बैठक में निर्णय लिया गया कि राजस्थान और मेवात इलाके में आबाद मेवात इलाके में ईद का त्योहार बाजूओं पर काली पट्टी बांधकर मनाया जाएगा। देश के लोगों से भी ईद के दिन बाजूओं पर काली पट्टी बांधकर काली ईद मनाई मनाने का आह्वान किया जाएगा। पंचायत के फैसले को आम जनता तक पहुंचाने के लिये फेसबुक, वाट्सऐप, फोन काल आदि लगाई जा रही है। ईद के दूसरे दिन नूंह के गांधी पार्क में इलाके के समाजसेवी और प्रमुख लोगों की पंचायत होगी। बैठक में मेव पंचायत अलवर राजस्थान के सदर शेर मोहम्मद, समाजसेवी रमजान चौधरी, मेवात विकास सभा के पूर्व अध्यक्ष दीन मोहम्मद मामलीका, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के ऐडवोकेट फारूख अबदुल्लाह, यूसुफ ऐडवोकेट, शमीम वकील, साहून, जाहिद सरपंच, मोलवी कासिम, आसिम, तैयब हुसैन घासेडिया और सलामुदीन ऐडवोकेट सहित काफी प्रमुख लोग मौजूद थे।
------------------------------------------------------------------

फोटो
दूसरे दिन गांव में तैनात हुई पुलिस
- मामले में बढ़ती सियासत देख पुलिस-प्रशासन अलर्ट
- कैली गांव के आने-जाने वालों पर नजर रखने के लिए लगाए बेरीकेड्स

अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़। जुनैद की हत्या के बाद सियासत शुरू होते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया है। शनिवार दोपहर बाद गांव में जगह-जगह पुलिस तैनात कर दी गई। पुलिसकर्मी गांव में हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। दो साल पहले अटाली में हुए दंगों के बाद एक बार फिर सांप्रदायिक तनाव पुलिस-प्रशासन की परेशान का सबब न बन जाए, इसको ध्यान में रख एहतियात बरती जा रही है।
शुक्रवार को तमाम कांग्रेसी नेता पीड़ित परिवार से मिलने खंदावली गांव पहुंचे थे। इसके बाद शनिवार को सीपीआईएम के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल गांव में पहुंच गया। हालांकि, पीड़ित परिवार और गांव के लोग शांति बहाली बनाए हुए हैं लेकिन सियासत जिस तरह बढ़ रही है उसको देखते हुए पुलिस-प्रशासन कोई जोखिम मोल लेना नहीं चाहता। इसलिए शनिवार दोपहर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके अलावा कैली गांव के पास पुलिस ने बेरीकेड्स लगा दिए हैं ताकि हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा सके। एक एसीपी रैंक के पुलिस अधिकारी को मामले पर नजर बनाए रखने का जिम्मा दिया गया है। इसके अलावा सरकार की खुफिया एजेंसी भी मामले पर नजर बनाए है।
------------------------------------------------------------

सीट से शुरू हुआ विवाद तो बीफ कहां से आया...
- परिजन संप्रदाय को निशाना बनाने को लेकर नाराज, गांव में पसरा मातम
- मां ने की हत्यारों को फांसी देने की मांग

अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़। जुनैद की मौत से खंदावली गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव के बच्चे से लेकर बुजुर्ग में संप्रदाय को निशाना बनाने को लेकर खासी नाराजगी है। यह नाराजगी शनिवार सुबह उस समय और बढ़ गई, जब मीडिया ने विवाद की जड़ बीफ को बताया। जिस पर परिजन बेहद नाराज दिखाई दिए। मृतक जुनैद के पिता जलालुद्दीन ने बताया कि बीफ नहीं, सीट को लेकर झगड़ा हुआ था जो बाद में संप्रदाय पर छींटाकशी में बदल गया। पिता जलालुद्दीन ने बताया कि हमलावर बार-बार उनके बेटों के लिवास पर टिप्पणी कर रहे थे। एक हमलावर ने टोपी लेकर हवा में उछाली और पैरों में रौंद दी। घर आकर उनके बेटे हासिम ने बताया कि हमलावर नशे में लग रहे थे। पिता मीडिया में आ रही बीफ की अफवाहों को लेकर परेशान दिखाई दिए। घटना के बाद से जुनैद की मां सायरा का रो-रोकर बुरा हाल है। सायरा ने हत्यारों को फांसी देने की मांग की।
------------------------------------------------------------------------

13 साल में जुनैद ने पढ़ लिया था कलाम पाक
बल्लभगढ़। पड़ोसी जमील खान ने बताया कि जुनैद काबिल लड़का था। उसने 13 साल की उम्र में कलाम पाक को हीफज (जुबानी रटना) कर लिया था। ईद के दौरान वह 500 नमाजियों को तरावी पढ़ाता था। जिसके बदले में नमाजियों ने हदिया (उपहार) के रूप में 20 हजार रुपये दिए थे। इन्हीं रुपयों को लेकर वह सदर बाजार ईद की खरीदारी करने के लिए गया था। जहां उसने ईद के लिए नए कपड़े, घड़ी, नया पेन, मिठाई, किताबें खरीदी थीं। पेशे से चालक जुनैद के पिता जलालुद्दीन ने बताया कि उनका बेटा नूंह (मेवात) स्थित मदरसे में पढ़ाई कर रहा था। जब वह पांच साल का था, तभी उसे मदरसे में दाखिल करा दिया था। वह कभी-कभी गांव आता था। वह ही नूंह जाकर मदरसे में खर्चा जमा करा देते थे। ईद मनाने के लिए 22 जून को वह घर आया था।
--------------------------------------------------------------------------------------------------

जिस दुपट्टे से अपने बच्चे को ढका था, उसी से जुनैद के बहते खून को रोका
- हिंदु महिला ने मदद को बढ़ाए थे हाथ, तमाशबीन बनी रही भीड़

अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़। दिल्ली से मथुरा की ओर जा रही ईएमयू में भीड़ थी। जब हादसा हुआ तो ईएमयू के कोच में कई लोग सवार थे। हमलावरों ने जुनैद सहित शाकिर, हासिम पर चाकुओं और पंच से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान ट्रेन में सवार किसी भी यात्री ने मदद को हाथ नहीं बढ़ाए। मीना नाम की एक हिंदु महिला ने जिस दुपट्टे से अपने बच्चे को ढका था, उसी से जुनैद के बहते खून को रोकने की कोशिश की।

मृतक के भाई हासिम ने बताया कि एक हमलावर ने तो जुनैद के प्राईवेट पार्ट को भी लहूलुहान कर दिया। उनके डिब्बे में एक नहीं बल्कि 100 से 150 लोग मौजूद थे। जब झगड़ा हो रहा था तो किसी भी व्यक्ति ने बीचबचाव नहीं किया। बल्कि कुछ लोग हमलावरों को उकसा रहे थे। बल्लभगढ़ स्टेशन निकलने के बाद करीब 15 मिनट हमलावरों ने डिब्बे में डालकर उन्हें जमकर पीटा और चाकू व पंच से ताबड़तोड़ हमले किए। असावटी रेलवे स्टेशन पर हमलावरों ने जुनैद सहित तीनों भाइयों को घायल कर असावटी स्टेशन पर उतरकर फरार हो गए। तीनों भाई स्टेशन पर तड़पते रहे लेकिन किसी ने मदद नहीं की लेकिन एक महिला यात्री ने मदद का हाथ बढ़ाया और अपना दुपट्टे से जुनैद के घायल हिस्से से बहते रक्त को रोकने की कोशिश की। हालांकि, मदद काम नहीं आई और जुनैद जिंदगी से हार गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed