{"_id":"595fabcf4f1c1b2c478b4592","slug":"noida-elevated-road-will-be-under-survilance-on-htms-system","type":"story","status":"publish","title_hn":"एक्सप्रेसवे की तर्ज पर एचटीएमएस की जद में होगी एलिवेटेड रोड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एक्सप्रेसवे की तर्ज पर एचटीएमएस की जद में होगी एलिवेटेड रोड
ब्यूरो/अमर उजाला, नोएडा
Updated Fri, 07 Jul 2017 09:12 PM IST
विज्ञापन
elevated road noida
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा की पहली एलिवेटेड रोड हाईवे ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एचटीएमएस) की जद में होगी। उद्घाटन के बाद से एलिवेटेड रोड पर लगातार हो रहे हादसों और नशे में फर्राटा भरने वालों को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने ये योजना बनाई है। ट्रैफिक पुलिस जल्द ही नोएडा प्राधिकरण को इसके लिए प्रस्ताव भेजेगी। एचटीएमएस लगने तक एलिवेटेड रोड पर स्पीडो मीटर युक्त कैमरों से ई-चालान किया जाएगा।
विज्ञापन
यातायात पुलिस के अनुसार, एलिवेटेड रोड पर हो रहे हादसों और देर रात नशे में तेज वाहन चलाने वालों को नियंत्रित करने के लिए कैमरे लगाए जाना आवश्यक है। कैमरों से ही 24 घंटे निगरानी संभव है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की तर्ज पर एलिवेटेड रोड पर भी हाईवे ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जाएगा। इससे न केवल यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो सकेगी बल्कि इस पर सफर करने वालों की सुरक्षा भी पुख्ता होगी। हालांकि, एचटीएमएस लगाने में वक्त लगेगा, इसलिए एलिवेटेड रोड पर जल्द गति सीमा रिकार्ड करने वाले स्पीडो मीटर युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरे कहां पर लगाए जाने हैं और कितने इसका अध्ययन चल रहा है।
विज्ञापन
कंट्रोल रूम से जुड़े होंगे कैमरे
एसटी ट्रैफिक अनिल कुमार झा ने बताया कि एलिवेटेड रोड पर गति सीमा रिकॉर्ड करने वाले कैमरे लगाकर उन्हें सेक्टर-14ए कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। कंट्रोल रूम में पहले से लगी एलईडी स्क्रीन पर इन कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। गति सीमा का उल्लंघन करने पर कैमरों की मदद से ही वाहन का नंबर देख, कंट्रोल रूम से उसका चालान किया जाएगा। इसके बाद चालान को पोस्ट के जरिये घर भेजा जाएगा।
विज्ञापन
सेक्टर-57 चौराहे पर लगे कैमरे शुरू
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को सेक्टर-57 चौराहे पर लगे चार कैमरों को शुरू कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस यहां जल्द गति सीमा पर नजर रखने वाले कैमरे भी लगवाएगी। सेक्टर-57 चौराहे के बाद नोएडा पुलिस ने टी-सीरिज चौराहे पर सीसीटीवी सर्विलांस स्थापित करने की कवायद शुरू कर दी है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि टी सीरीज चौराहे पर कैमरे लगाकर ट्रायल शुरू कर दिया गया है। जल्द ही ये पूरी तरह से काम करने लगेंगे। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले अन्य चौराहों को भी सुरक्षा व यातायात नियमों का पालन कराने के लिए सीसीटीवी कैमरों से लैस करने की योजना है। इन सबका कंट्रोल रूम सेक्टर-14ए में होगा। कंट्रोल रूम से ही वाहन चालकों का ई-चालान कर डाक से उनके घर भेजा जाएगा।
शहर में बंद पड़े सभी कैमरे होंगे चालू
एसएसपी लव कुमार ने बताया कि शहर में पहले से कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगे थे। इनमें से ज्यादातर कैमरे सही हैं। छोटी-मोटी समस्या की वजह से ये बंद हो गए थे। प्रयास किया जा रहे है कि पूर्व में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करा चालू कराया जाए। इसमें सेक्टर-18 मार्केट समेत अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी शामिल हैं। मालूम हो कि नोएडा में कुछ वर्ष पूर्व पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर निगरानी के लिए 122 सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। इन्हें लगाने वाली कंपनी से अनुबंध खत्म होने के बाद कैमरे खराब होते गए और बंद हो गए। वर्तमान में सभी कैमरे बंद पड़े हैं। अब इन्हें फिर से चालू कराने की कवायद शुरू की गई है।
सेक्टर-18 की पार्किंग से बुलेट चोरी, बंद पड़े हैं कैमरे
नोएडा की प्रमुख मार्केट सेक्टर-18 में सीसीटीवी कैमरे खराब होने से ठकठक गैंग सक्रिय है। चोरों ने 2 जुलाई को सेक्टर-18 स्थित एचएसबीसी बैंक के पास पार्किंग में खड़ी बैंक अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह की रॉयल इनफील्ड (बुलेट) बाइक चोरी कर ली। शैलेंद्र मूलरूप से चंदौली यूपी के रहने वाले हैं और यहां न्यू अशोक नगर में किराये पर रहते हैं। शैलेंद्र के अनुसार उन्होंने दो जुलाई की दोपहर करीब ढाई बजे बुलेट बैंक के पास पार्किंग में खड़ी कर पार्किंग कर्मी रामाशीष से पर्ची भी ली थी। पार्किंग की पर्ची अब भी उनके पास है। बाइक खड़ी करते वक्त रामाशीष ने बोला था कि उसका हैंडल लॉक खुला छोड़ दें। शाम को सात बजे वह बैंक से घर जाने के लिए निकले तो उनकी बाइक चोरी हो चुकी थी। मामले में उन्होंने थाना सेक्टर-20 में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कैमरे से इन चीजों का होगा चालान
1. लाल बत्ती का उल्लंघन
2. स्टॉप लाइन का उल्लंघन
3. बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चालक
4. दो पहिया वाहन पर तीन सवारी
5. विपरीत दिशा में वाहन चलाना
6. दोषपूर्ण अथवा डिजायनर नंबर प्लेट
7. नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करना
8. गति सीमा का उल्लंघन करना या खतरनाक ढंग से वाहन चलाना